'महापाप वाले दिन ही रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली क्यों?', जेपी नड्डा ने पूछा सवाल

दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA गठबंधन की रैली को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने इस रैली को पॉलिटिकल ड्रामा बताते हुए इसे देश में अराजकता फैलाने और चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की साजिश करार दिया.

Advertisement
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्ष की रैली पर सवाल उठाए हैं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्ष की रैली पर सवाल उठाए हैं

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 01 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 12:43 PM IST

दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने रैली को पॉलिटिकल ड्रामा बताते हुए आरोप लगाया कि ये देश में अराजकता फैलाने और चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की साजिश है. उन्होंने कहा कि यह भारत है, कोई बनाना रिपब्लिक नहीं है, जहां जब चाहें आगजनी और दंगे कराए जा सकें.

Advertisement

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि आज रामलीला मैदान में जो कुछ हो रहा है, वह लोकतंत्र का सम्मान नहीं, बल्कि लोकतंत्र के नाम पर अराजकता फैलाने की एक सोची-समझी साजिश है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह जनता की ओर से बार-बार नकारे गए लोगों का ड्रामा है, जिसे देश की जनता अच्छी तरह समझती है.

राहुल गांधी की राजनीति के बताए चार चरण
जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनकी राजनीति के चार चरण गिनाए. उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी, आपकी राजनीति का मॉडल क्या है? इसका पहला चरण झूठ बोलना और हंगामा फैलाना है. दूसरा चरण सड़कों पर अराजकता और उपद्रव मचाना है. तीसरा चरण देश की अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाना और चौथा चरण विदेशी ताकतों के इशारे पर चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने का प्रयास करना है.'

Advertisement

नड्डा ने दावा किया कि एक नवंबर को आयोजित रैली के पीछे राहुल गांधी के चार मकसद हैं. इनमें सिख समुदाय के जख्मों पर नमक छिड़कना, दिल्ली में अराजकता फैलाकर सरकार को अस्थिर करने का प्रयास करना, त्योहारों के दौरान व्यापारियों की कमाई को नुकसान पहुंचाना और देश को बदनाम करना शामिल है.

यह भी पढ़िएः 14 सुरक्षा जोन, 200 CCTV और बॉडी कैमरे... INDIA ब्लॉक की रैली के लिए दिल्ली पुलिस की तैयारी

'भारत कोई बनाना रिपब्लिक नहीं है'
केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'राहुल गांधी, कान खोलकर सुन लीजिए, यह भारत है, कोई बनाना रिपब्लिक नहीं है कि यहां आप जब चाहें आगजनी करा दें, दंगे भड़का दें और रेजीम चेंज का एजेंडा चला दें. यह सपना देखना बंद कर दीजिए. भारत दुनिया का सबसे पुराना और सबसे मजबूत लोकतंत्र है.' जेपी नड्डा ने एक नवंबर की तारीख को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि यह दिन भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का काला अध्याय है.

नड्डा ने आरोप लगाया कि इसी दिन कांग्रेस से जुड़े लोगों ने निर्दोष सिखों की हत्या की थी. हजारों परिवार बेघर हुए और बड़ी संख्या में महिलाएं विधवा हो गई थीं. उन्होंने कहा कि दिल्ली की विधवा कॉलोनी आज भी उस भयावह इतिहास की गवाही देती है. जेपी नड्डा ने गांधी परिवार पर आरोप लगाया कि उसने आज तक सिख समुदाय से दिल से माफी नहीं मांगी. उन्होंने कहा कि जिस दिन देश को दंगों के पीड़ितों को याद करना चाहिए था, उसी दिन राहुल गांधी रामलीला मैदान में अपनी राजनीति चमका रहे हैं.

Advertisement

दिल्ली के व्यापारियों को 10 हजार करोड़ के नुकसान की आशंका का दावा
जेपी नड्डा ने रैली के कारण दिल्ली के व्यापारियों को होने वाले संभावित नुकसान का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि धनतेरस, दिवाली और छठ पूजा जैसे त्योहारों के दौरान छोटे दुकानदार और रेहड़ी-पटरी वाले साल भर की कमाई की उम्मीद लगाए रहते हैं.

नड्डा ने दावा किया कि पिछले प्रदर्शनों से दिल्ली के व्यापारियों को करीब तीन हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है. वहीं, आज की रैली के कारण दुकानदारों को 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के नुकसान की आशंका है.

उन्होंने कहा कि चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली, करोल बाग और मध्य दिल्ली के दूसरे बाजारों में बड़ी संख्या में छोटे व्यापारी काम करते हैं, जिनकी आजीविका पर ऐसे आयोजनों का असर पड़ सकता है.

यह भी पढ़िएः कांग्रेस का दावा- 10 लाख लोग आ रहे... BJP बोली- रामलीला मैदान में फिर से 'ठगों का मेला'

व्यापारियों की चिट्ठियों का भी किया जिक्र
नड्डा ने कहा कि चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने तीन बार पत्र लिखकर बड़े राजनीतिक आयोजन नहीं करने की अपील की है. उनके मुताबिक, संगठन ने राहुल गांधी, सोनिया गांधी, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी को पत्र लिखकर त्योहारों के दौरान व्यापार प्रभावित नहीं करने का आग्रह किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी को छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी की कोई चिंता नहीं है और उनका पूरा ध्यान अपनी राजनीति पर है.

Advertisement

INDIA गठबंधन के सहयोगियों से पूछे सवाल
जेपी नड्डा ने INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों से भी सवाल किए. उन्होंने पूछा कि क्या गठबंधन के दूसरे नेता भी सिख समुदाय के जख्मों पर नमक छिड़कने और दिल्ली के व्यापारियों को नुकसान पहुंचाने में कांग्रेस के साथ हैं? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत का अपमान करते हैं और देश लौटकर यहां के लोकतंत्र और अर्थव्यवस्था पर प्रहार करते हैं.

नड्डा ने कहा कि भारत की जनता अब कांग्रेस के झांसे में नहीं आने वाली है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की अराजकता का टूलकिट बेनकाब हो चुका है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत संविधान और जनता के जनादेश से चलेगा, न कि दंगों और अराजकता की राजनीति से. उन्होंने दावा किया कि रामलीला मैदान की यह रैली कांग्रेस के राजनीतिक पतन के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »