बंगाल की खाड़ी में तूफानी चक्रवात! आंध्र-ओडिशा में रेड अलर्ट, दिल्ली-UP में भी बदलेगा मौसम

Cyclonic Storm Arnab: देश के कई राज्यों में मौसम बिगड़ने वाला है. बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली, यूपी समेत उत्तर और मध्य भारत में भी मौसम करवट लेगा.

Advertisement
बंगाल की खाड़ी में उठा तूफानी चक्रवात भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाएं लाएगा. (File Photo: PTI) बंगाल की खाड़ी में उठा तूफानी चक्रवात भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाएं लाएगा. (File Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 27 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:26 AM IST

देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'ऑर्नब'  के कारण 27 अक्टूबर को दक्षिण, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. ऑर्नब का बंगाली में मतलब समुद्र होता है. बांग्लादेश ने इस चक्रवात का नाम दिया है. आंध्र प्रदेश और ओडिशा में कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश होने की आशंका है. वहीं, तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली को लेकर भी अलर्ट है. दिल्ली और आसपास के इलाकों में मंगलवार को फिलहाल बड़ी बारिश का अनुमान नहीं है.

Advertisement

हालांकि, सप्ताह के आगे बढ़ने के साथ मौसम बदल सकता है. मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 28 से 30 अक्टूबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान 29 और 30 अक्टूबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. पंजाब में भी 28 से 30 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. उत्तर प्रदेश में भी इस सप्ताह बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. पूर्वी यूपी में 29 और 30 अक्टूबर को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है.

बंगाल की खाड़ी में खतरनाक होगा मौसम

बंगाल की खाड़ी में मौसम प्रणाली के मजबूत होने से समुद्र में स्थिति गंभीर होने की आशंका है. मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 27 अक्टूबर को समुद्र की स्थिति बहुत खराब हो सकती है. 28 अक्टूबर की सुबह समुद्र में बेहद खतरनाक परिस्थितियां बनने का अनुमान है. आंध्र प्रदेश और यानम के तटों के पास 27 अक्टूबर से तेज हवाएं चलने की संभावना है. 28 अक्टूबर की सुबह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

Advertisement

हवा के झोंकों की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है. दक्षिण ओडिशा और उत्तर तमिलनाडु के तटीय इलाकों में भी 27 और 28 अक्टूबर को तूफानी मौसम रह सकता है. मछुआरों को पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी तथा दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 28 अक्टूबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है. आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों के पास भी 27 और 28 अक्टूबर को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है.

यूपी में 29-30 अक्टूबर को भारी बारिश

उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 अक्टूबर को कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 29 और 30 अक्टूबर को कई इलाकों में व्यापक बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है. 31 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. हवा के झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

Advertisement

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 से 31 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में 29 से 31 अक्टूबर के दौरान बारिश की संभावना है, जबकि 30 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी राजस्थान में 29 और 30 अक्टूबर को बारिश का अनुमान है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भी सप्ताह के आखिर में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.

बिहार, झारखंड और बंगाल में भी अलर्ट

पूर्वी भारत के राज्यों में भी बारिश का दौर तेज होने की संभावना है. झारखंड में 28 से 30 अक्टूबर के बीच कई जगहों पर बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. बिहार में 29 अक्टूबर से बारिश बढ़ने की संभावना है. 29 से 31 अक्टूबर के बीच कई जगहों पर बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने 30 और 31 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है. गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 28 और 29 अक्टूबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है. वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 29 और 30 अक्टूबर को व्यापक बारिश का अनुमान है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है.

Advertisement

मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम

छत्तीसगढ़ और विदर्भ में मंगलवार से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है. छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद 28 और 29 अक्टूबर को बारिश की तीव्रता बढ़ने का अनुमान है. दक्षिण छत्तीसगढ़ में 28 अक्टूबर और उत्तर छत्तीसगढ़ में 29 अक्टूबर को कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. हवा के झोंकों की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

विदर्भ में 28 से 30 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 28 से 30 अक्टूबर के दौरान कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है. यहां 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 28 से 31 अक्टूबर के बीच छिटपुट बारिश की संभावना है. महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में 27 से 30 अक्टूबर के दौरान कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. मध्य महाराष्ट्र में 28 और 29 अक्टूबर के अलावा 31 अक्टूबर को भी बारिश का अनुमान है. कोंकण और गोवा में 28 से 31 अक्टूबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

Advertisement

आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, तटीय आंध्र प्रदेश और यानम (पुदुचेरी) में 27 और 28 अक्टूबर को कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात 'ऑर्नब' के तट की ओर बढ़ने से इन इलाकों में तेज हवाएं चलने और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका है. आंध्र प्रदेश के काकीनाडा, कोनसीमा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी और एलुरु जिलों के साथ यानम में 27 अक्टूबर के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. यहां अत्यंत भारी बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.

इसके अलावा श्रीकाकुलम, पार्वतीपुरम मान्यम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, अल्लूरी सीताराम राजू, अनकापल्ली, एनटीआर, कृष्णा, गुंटूर और बापटला जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है. पलनाडु, प्रकाशम और नेल्लोर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. ओडिशा में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. राज्य में 27 से 30 अक्टूबर के दौरान कई जगहों पर बारिश हो सकती है. 27 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी, जबकि 28 अक्टूबर को अत्यंत भारी बारिश की आशंका है. दक्षिण ओडिशा के कई जिलों में 27 से 29 अक्टूबर के बीच भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है.

Advertisement

केरल और माहे में भी 27 अक्टूबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. तेलंगाना में भी भारी बारिश की संभावना है. राज्य में 28 और 29 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ कई जगहों पर बारिश हो सकती है. 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है. कर्नाटक के दक्षिण आंतरिक हिस्सों में 27 और 28 अक्टूबर को तेज हवाएं चल सकती हैं. रायलसीमा में भी कुछ जगहों पर बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है.

पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का अनुमान

असम और मेघालय में 27 से 31 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. 29 से 31 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 27 से 29 अक्टूबर के बीच गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इन राज्यों में 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका है. अरुणाचल प्रदेश में 29 से 31 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »