केरल में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की हलचल तेज हो गई है. मॉनसूम की आधिकारिक एंट्री से पहले ही भारी बारिश ने पूरे राज्य को अपनी चपेट में ले लिया है. कई इलाकों में बीती रात से लगातार पानी बरस रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार सुबह तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है. IMD के अनुसार, अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों में गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
इस दौरान अधिकतम सतही हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि 11 से 20 सेंटीमीटर तक भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. इसके अलावा, तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, इडुक्की और थ्रिस्सूर जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और 40 किमी/घंटा तक की हवाएं चलने का पूर्वानुमान है. IMD ने पहले ही गुरुवार के लिए राज्य के आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून केरल में 4 जून 2026 के आसपास दस्तक दे सकता है. इसके साथ ही अगले 5-7 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश (7-20 सेंटीमीटर) की संभावना जताई गई है. IMD ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.
मॉनसून की बारिश को लेकर केरल सरकार और स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है. राहत और बचाव दल तैयार रखे गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मॉनसून की गतिविधियां देश भर में और तेज हो जाएंगी.
ओडिशा में चार दिन आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक ओडिशा के कई इलाकों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश होगी. गुरुवार को 22 जिलों में येलो वार्निंग (सावधान रहें) जारी की गई है. इन जिलों में दोपहर और शाम के समय आंधी और बारिश होने की संभावना है. प्रभावित जिलों में बालासोर, केओनझर, मयूरभंज, कालाहांडी, नबरंगपुर, कोरापुट, मलकानगिरी, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, अंगुल, धेनकानल, बौध, कंधमाल, रायगड़ा, गजपति, गंजाम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ शामिल हैं.
बता दें कि बुधवार को बारिश ने कई जगहों पर गर्मी से राहत दी. टिटलागढ़ में सबसे ज्यादा 42 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.वहीं,संबलपुर और बौध में 41.2 डिग्री रहा. कई अन्य जगहों पर भी तापमान 40 डिग्री के ऊपर पहुंच गया. मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि अगले तीन दिन तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है.
aajtak.in