हरदीप पुरी से ज्यादा अमीर हैं पत्नी लक्ष्मी पुरी, स्विट्जरलैंड में 34 करोड़ का फ्लैट

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है. उनके हलफनामे के मुताबिक, पत्नी लक्ष्मी पुरी की सालाना कमाई, चल संपत्ति और बैंक जमा उनसे ज्यादा है. लक्ष्मी पुरी के पास स्विट्जरलैंड के जिनेवा में करीब 34 करोड़ रुपये का अपार्टमेंट भी है.

Advertisement
हरदीप सिंह पुरी और उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी. (Photo- hardeepspuri/Instagram) हरदीप सिंह पुरी और उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी. (Photo- hardeepspuri/Instagram)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 02 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 11:32 AM IST

केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार हरदीप सिंह पुरी की पत्नी लक्ष्मी पुरी उनसे ज्यादा अमीर हैं. नामांकन के साथ दाखिल हलफनामे के मुताबिक, लक्ष्मी पुरी की सालाना कमाई, चल संपत्ति और बैंक खातों में जमा रकम हरदीप पुरी से अधिक है. 74 साल के हरदीप पुरी ने शनिवार को अपना नामांकन दाखिल किया. मध्य प्रदेश में राज्यसभा की खाली सीट के लिए 12 नवंबर को उपचुनाव होना है.

Advertisement

हलफनामे के मुताबिक, हरदीप पुरी के पास 6.54 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 20 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है. इसमें दिल्ली के वेस्ट एंड इलाके में मौजूद उनका आवासीय मकान भी शामिल है. पिछले पांच साल में उनकी सालाना कमाई 63.36 लाख रुपये से बढ़कर 75.57 लाख रुपये हो गई है. उनकी कमाई के स्रोतों में पेंशन, केंद्रीय मंत्री के तौर पर मिलने वाला वेतन, दिल्ली की संपत्ति से किराया और बैंक सेविंग पर मिलने वाला ब्याज शामिल है.

यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश राज्यसभा उपचुनाव: हरदीप सिंह पुरी ने दाखिल किया नामांकन; भोपाल में कांग्रेस ने फूंके पुतले

जिनेवा में पत्नी का 34 करोड़ रुपये का अपार्टमेंट

हरदीप पुरी की पत्नी लक्ष्मी पुरी के पास 10.66 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 9 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है. हालांकि, उनके हलफनामे में स्विट्जरलैंड के जिनेवा में मौजूद एक अपार्टमेंट की कीमत 30 लाख स्विस फ्रैंक यानी करीब 34 करोड़ रुपये बताई गई है. इसके अलावा ग्रेटर नोएडा में उनका एक मकान भी है, जिसकी कीमत 19.52 लाख रुपये बताई गई है.

Advertisement

लक्ष्मी पुरी के पास 2.75 करोड़ रुपये के बराबर 2,90,658 अमेरिकी डॉलर भी हैं. उनकी सालाना कमाई पिछले पांच साल में 15.39 लाख रुपये से बढ़कर 1.69 करोड़ रुपये हो गई है. उनकी कमाई के स्रोतों में भारत सरकार और संयुक्त राष्ट्र से मिलने वाली पेंशन, जिनेवा की संपत्ति से किराया और बैंक सेविंग पर मिलने वाला ब्याज शामिल है. लक्ष्मी पुरी भारतीय विदेश सेवा की रिटायर्ड अधिकारी हैं. वह राजनयिक के तौर पर काम करने के साथ संयुक्त राष्ट्र में भी अधिकारी रह चुकी हैं.

बैंक खातों में भी पत्नी के पास ज्यादा रकम

हलफनामे के मुताबिक, हरदीप पुरी के पास 10 हजार रुपये नकद और करीब 32 लाख रुपये की एक गाड़ी है. वहीं, लक्ष्मी पुरी के पास 20 हजार रुपये नकद और 45 लाख रुपये के गहने हैं.

हरदीप पुरी के दिल्ली स्थित चार बैंक खातों में करीब 22.20 लाख रुपये जमा हैं. वहीं, लक्ष्मी पुरी के दो बैंक खातों में करीब 1.02 करोड़ रुपये हैं. दोनों के पीपीएफ और सीनियर सिटिजन सेविंग स्कीम (SCSS) खातों में भी रकम जमा है. हरदीप पुरी के इन खातों में कुल 20.54 लाख रुपये और उनकी पत्नी के खातों में 30 लाख रुपये हैं.

केंद्रीय मंत्री ने हलफनामे में बताया है कि हरदीप पुरी और उनकी पत्नी पर किसी बैंक या वित्तीय संस्थान का कोई कर्ज या देनदारी नहीं है. केंद्रीय मंत्री के खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है और उन्हें किसी मामले में दोषी भी नहीं ठहराया गया है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: हरदीप पुरी को दोबारा उम्मीदवार बनाने में देरी क्यों? पवन खेड़ा का बीजेपी से सवाल

जेफरी एपस्टीन से मुलाकात को लेकर कांग्रेस ने घेरा

हरदीप पुरी के नामांकन के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधा है. पार्टी ने आरोप लगाया कि बीजेपी ऐसे व्यक्ति को बढ़ावा दे रही है, जिसके संबंध दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से रहे हैं. हरदीप पुरी ने एपस्टीन से तीन-चार बार पेशेवर सिलसिले में मुलाकात की बात स्वीकार की है. हालांकि, उन्होंने कहा है कि ये मुलाकातें 2017 में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने से पहले हुई थीं और उन्होंने किसी भी गलत काम से इनकार किया है.

बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने 28 अक्टूबर को हरदीप पुरी की उम्मीदवारी का ऐलान किया था. यह राज्यसभा सीट केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है. उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »