गुजरात चुनाव से पहले हार्दिक पटेल और अल्पेश ठाकोर को नई जिम्मेदारियां दी गई है. विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी ने साल 2026-27 के लिए विभिन्न वित्तीय और विधायी समितियों के गठन की घोषणा करते हुए पाटीदार नेता हार्दिक पटेल और ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर को दो अत्यंत महत्वपूर्ण कमेटियों का चेयरमैन नियुक्त किया है.
इसके साथ ही पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रमनलाल वोरा को सार्वजनिक उपक्रम समिति और पंकज देसाई को लोक लेखा समिति (PAC) का नया प्रमुख बनाया गया है.
गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष शंकर चौधरी ने बुधवार को अहमदाबाद में हार्दिक पटेल को अधीनस्थ विधान समिति का चेयरमैन नियुक्त किया और अल्पेश ठाकोर को सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के कल्याण की समिति का अध्यक्ष बना बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. एक दशक पहले गुजरात में हुए आरक्षण और कोटा आंदोलन से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले हार्दिक पटेल और अल्पेश ठाकोर आज बीजेपी के प्रमुख चेहरे हैं. दोनों नेताओं ने अपनी राजनीतिक यात्रा को आगे बढ़ाते हुए विधानसभा चुनाव जीता और अब वो 2026-27 के लिए इन महत्वपूर्ण संसदीय समितियों के अध्यक्ष के रूप में अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे.
विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, अन्य बड़े पदों पर भी वरिष्ठ नेताओं को नियुक्त किया गया है. पूर्व मुख्य सचेतक और वरिष्ठ भाजपा विधायक पंकज देसाई लोक लेखा समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि पूर्व अध्यक्ष रमनलाल वोरा सार्वजनिक उपक्रम समिति की कमान संभालेंगे. सी जे चावडा को प्राकलन समिति (Estimates Committee) और राजकोट के विधायक उदय कांगड़ को पंचायती राज समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. ये फैसला आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर दोनों प्रमुख युवा चेहरों को विधायी कामकाज में बड़ी भूमिका देने के उद्देश्य से लिया गया है.
नियम समिति और पुस्तकालय समिति की अध्यक्षता स्वयं विधानसभा अध्यक्ष करेंगे. सरकारी आश्वासनों पर गठित समिति की अध्यक्षता अमित शाह करेंगे, जबकि मोहनभाई धोडिया को अनुसूचित जनजातियों के कल्याण पर गठित समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. विनोद मोराडिया को सदन की बैठकों से सदस्यों की अनुपस्थिति संबंधी समिति का अध्यक्ष नामित किया गया है, जबकि संगीताबेन पाटिल सदस्यों के लिए आवास समिति की प्रमुख होंगी.
अधिसूचना के अनुसार, सदन के पटल पर रखे गए दस्तावेजों की समिति की अध्यक्षता मेघजीभाई चावड़ा करेंगे तो आवेदनों की समिति की अध्यक्षता उपसभापति पूर्णेश मोदी करेंगे. विधायक केशूभाई पटेल को विशेषाधिकार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है और मुकेशभाई पटेल सदस्यों के भत्तों से संबंधित नियमों की समिति के प्रमुख होंगे. वहीं, अनुसूचित जातियों के कल्याण की समिति मालती माहेश्वरी को सौंपी गई है.
aajtak.in