जर्मनी के बोखुम शहर में पिछले सप्ताह एक रिहायशी इमारत में आग लगने से केरल के तीन लोगों की मौत हो गई थी. अब सभी मृतकों के शव कोचिन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भारत लाए जाएंगे. मृतकों की पहचान एर्नाकुलम जिले के कलाडी निवासी सिविन जॉनी (26), इडुक्की जिले के कट्टप्पना निवासी नोवा साबू (25) और कोल्लम जिले के चेम्मक्कड़ निवासी अंजलि शीला जॉय (27) के रूप में हुई है.
सिविन जॉनी के परिवार के सदस्यों ने बताया कि शव शुक्रवार को करीब 1:20 बजे कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे. वहां रिश्तेदारों और जनप्रतिनिधियों के मौजूद रहने की उम्मीद है. हालांकि जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए शव को पहले अलुवा के एक अस्पताल ले जाया जाएगा.
इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे शव को कलाडी के पास मणिक्कमंगलम स्थित उनके घर लाया जाएगा. परिवार के सदस्य और करीबी अंतिम दर्शन कर सकेंगे.
दोपहर 2 बजे शुरू होंगी अंतिम प्रार्थनाएं
परिवार के सदस्य पॉलोज कोनूरन के मुताबिक, सिविन के घर पर दोपहर 2 बजे अंतिम प्रार्थनाएं शुरू होंगी. इसके बाद मणिक्कमंगलम स्थित सेंट रॉकी चर्च में उन्हें दफनाया जाएगा. हादसे में जान गंवाने वाली अंजलि शीला जॉय का शव भी उसी फ्लाइट से पहुंचेगा. जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव को उनके गृह नगर ले जाया जाएगा.
नोवा साबू का शव शाम को पहुंचेगा
परिवार के मुताबिक, नोवा साबू का शव शुक्रवार शाम करीब 8:15 बजे नेदुंबस्सेरी स्थित कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने की उम्मीद है. इसके बाद उनके परिवार को शव सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. जर्मनी में हुए इस हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. अब उनके अपने अपनों को आखिरी विदाई देने के लिए इंतजार कर रहे हैं.
aajtak.in