होली और रमजान जैसे बड़े त्योहारों के चलते कई जिलों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया. उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में हो रही छापेमारी में हजारों किलो मिलावटी और संदिग्ध खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं, जबकि बड़ी मात्रा में सामान मौके पर ही नष्ट कराया गया. प्रशासन का साफ कहना है कि त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.
बड़ी कार्रवाई यूपी के बाराबंकी में देखने को मिली. यहां खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर करीब 100 किलो पनीर और 200 किलो रंगीन कचरी को जब्त कर नाले में बहा दिया. इसके अलावा करीब 50 हजार रुपये मूल्य का खाद्य पदार्थ नष्ट किया गया. सहायक खाद्य आयुक्त शैलेंद्र सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान लगातार जारी रहेगा.
आजमगढ़ में 3.35 लाख की मिठाइयां जब्त
वहीं आजमगढ़ में भी खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गोदाम पर छापा मारा. यहां से आगरा से लाए गए करीब 3.35 लाख रुपये मूल्य के मिलावटी खोया, काजू बर्फी, पनीर और अन्य मिठाइयों को जब्त किया गया.
यह भी पढ़ें: होली-रमजान से पहले मिलावटखोरों पर 'सर्जिकल स्ट्राइक', 50 लाख के एक्सपायर खजूर जब्त, नकली खोया-सुपारी नष्ट
सभी संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर उन्हें नष्ट कराया गया. सहायक आयुक्त सुशील कुमार मिश्र ने लोगों से अपील की कि वे चमकीले और रंगीन खाद्य पदार्थों से बचें और पैक्ड सामान खरीदते समय उसकी एक्सपायरी डेट जरूर जांचें.
दिल्ली एनसीआर में सप्लाई होनी थी रंगीन कचरी
इसी तरह हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के शाहपुर में एक घर में छापा मारकर 13 क्विंटल रंगीन कचरी बरामद की. यह कचरी दिल्ली और एनसीआर में सप्लाई के लिए तैयार की जा रही थी. विभाग ने सभी सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं और लोगों को चेतावनी दी है कि ऐसे सिंथेटिक खाद्य पदार्थ स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हैं.
लखनऊ में दो हजार किलो खराब मिठाइयां नष्ट कराईं
राजधानी लखनऊ में भी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए 2 हजार किलो से अधिक खराब मिठाइयां, दूध और खोया मौके पर ही नष्ट कराया. यह कार्रवाई शहर के अलग-अलग इलाकों में की गई, जहां मिलावटखोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं.
अयोध्या में भी टीम ने जांच के लिए भरे सैंपल
इसी तरह अयोध्या में भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. यहां एक होलसेल व्यापारी की दुकान पर छापेमारी कर लाखों रुपये के खाद्य पदार्थ सीज किए गए. टीम ने करीब 2.82 लाख रुपये कीमत के पाम ऑयल के 82 टिन और 61 हजार रुपये का रिफाइंड तेल जब्त किया. सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं.
सहारनपुर में टॉयलेट के पास रखा था दूध
वहीं सहारनपुर में छापेमारी के दौरान चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां टॉयलेट के पास 2000 लीटर दूध रखा मिला. जंग लगे कंटेनरों में दूध भरा जा रहा था, जो साफ तौर पर खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है. विभाग ने सैंपल लेकर संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
राजस्थान के अलवर में मिला नकली पनीर
इसके अलावा राजस्थान के अलवर में भी मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई. यहां 180 किलो नकली और सिंथेटिक पनीर को नष्ट किया गया. अधिकारियों के मुताबिक, यह क्षेत्र नकली मावा और मिठाइयों की सप्लाई के लिए कुख्यात है, जहां से एनसीआर के कई शहरों में मिलावटी सामान भेजा जाता है.
इन लगातार हो रही कार्रवाइयों से साफ है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं और मुनाफा कमाने के लिए लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते हैं. ऐसे में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरे राज्य में अभियान तेज कर दिया है.
लोगों को सतर्क रहने की जरूरत
खाद्य विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध या सस्ते खाद्य पदार्थ से बचें. खासतौर पर रंगीन मिठाइयों, सिंथेटिक पनीर और खुले दूध को खरीदते समय सतर्क रहें. पैक्ड सामान लेते समय उसकी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट जरूर जांचें. फिलहाल यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि जहां भी मिलावटखोरी की शिकायत मिलेगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी.
aajtak.in