धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से देशभर में जश्न, जंतर-मंतर पर बजे ढोल-नगाड़े, वाराणसी से लेकर सूरत और चंडीगढ़ तक बांटी मिठाइयां

नीट परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक विवाद के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पद छोड़ने पर छात्रों और कार्यकर्ताओं में भारी खुशी की लहर है. कॉकरोच जनता पार्टी ने जंतर-मंतर पर अपना आंदोलन वापस ले लिया है. वहीं, देशभर में ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ जश्न मनाया.

Advertisement
जंतर-मंतर पर जश्न मनाते छात्र. (photo: ITG) जंतर-मंतर पर जश्न मनाते छात्र. (photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 26 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:53 AM IST

NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सरकार द्वारा सभी प्रमुख मांगों को स्वीकार करने के बाद शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्र संगठनों ने अपना आंदोलन आधिकारिक रूप से समाप्त कर दिया. जंतर-मंतर पर सुबह से ही छात्रों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां युवाओं ने नाच-गाकर और एक-दूसरे को गले लगाकर अपनी जीत का जश्न मनाया. इसके अलावा वाराणसी, लखनऊ, सूरत, चंडीगढ़, हावड़ा, कोयंबटूर और बेगूसराय में छात्रों व कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाए, अबीर-गुलाल उड़ाया और मिठाइयां व मेलोडी टॉफियां बांटकर अपनी ऐतिहासिक सफलता का इजहार किया.

दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों और कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जमकर मस्ती की. छात्रों का कहना था कि ये उनकी अटूट मेहनत और छात्र एकता की जीत है. उन्होंने कहा कि तानाशाही सरकार को आखिरकार झुकना ही पड़ा और आने वाले दिनों में भी छात्रों के अधिकारों के लिए ये संघर्ष पूरी ताकत से जारी रहेगा.

Advertisement

छात्रों ने एक-दूसरे को खिलाईं टॉफी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मैदागिन स्थित श्री हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में छात्रों ने अनोखे अंदाज में खुशी मनाई. छात्रों ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर हाथों में लेकर ढोल पर डांस किया. साथ ही छात्रों ने एक-दूसरे को अबीर लगाया और मेलोडी टॉफी खिलाई. छात्रों का कहना था कि जब देश के प्रधानमंत्री विदेशों में मेलोडी टॉफी बांटते हैं तो आज उनके पास जीत की बड़ी वजह है.

सूरत में भी जश्न

गुजरात के सूरत शहर के डिंडोली इलाके में कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों ने बापा फाइनेंशियल सर्विसेज कार्यालय के पास भव्य जश्न मनाया. सामाजिक कार्यकर्ता जीतू भाई हिंदवे और ऑल इंडिया पैंथर्स सेना के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष बॉबी गुलाले ने इसे ऐतिहासिक जीत बताया.


वहीं, संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक शिरसाट ने मांग की कि मृतक छात्रों के परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा दिया जाए और प्रदर्शनकारी महिलाओं से बदसलूकी करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सीबीआई जांच कराई जाए.

Advertisement

चंडीगढ़ में विक्ट्री मार्च

चंडीगढ़ के सेक्टर 17 प्लाजा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्रों ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर विक्ट्री मार्च निकाला और डांस किया. दूसरी ओर पश्चिम बंगाल के हावड़ा मैदान मेट्रो चैनल के पास पिछले पांच दिनों से अनशन कर रही छात्रा रोहिणी मलिक ने साथियों के साथ मिलकर लोगों का मुंह मीठा कराया और राष्ट्रीय गीत गाया. कलकत्ता हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं ने भी इस मौके पर निष्पक्ष जांच और शांतिपूर्ण आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमों की समीक्षा की मांग की.

बेगूसराय में आतिशबाजी

बिहार के बेगूसराय में डीएम ऑफिस के पास ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और अबीर लगाकर खुशियां बांटीं. एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा और जिला सचिव अमरेश कुमार ने कहा कि ये आंदोलन की पहली जीत है. उन्होंने मांग की कि बेगूसराय में आंदोलन के दौरान 1500 और 1200 अज्ञात लोगों पर दर्ज दोनों FIR को वापस लिया जाए और मृतक छात्रों को मुआवजा दिया जाए.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »