नई दिल्ली स्थित किसान घाट पर आज मंगलवार को आयोजित होने वाले विरोध प्रदर्शन और रैली को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है.
एडवाइजरी के अनुसार, सुबह साढ़े 8 बजे से आवश्यकता के आधार पर यातायात प्रतिबंध और मार्ग डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं. पुलिस ने यात्रियों को सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड और राजघाट डीटीसी डिपो रोड के आसपास के प्रभावित रास्तों से बचने की सलाह दी है. एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को समय से पहले यात्रा की योजना बनाने का अनुरोध किया गया है.
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड, राजघाट डीटीसी डिपो रोड और इससे सटे इलाकों में यातायात प्रभावित रह सकता है. यात्रियों से अपील की गई है कि वह इन मार्गों का इस्तेमाल करने से बचें. इसके अलावा पुलिस ने एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से ट्रैफिक जाम से बचने के लिए अपनी यात्रा समय से काफी पहले शुरू करने की अपील की है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ड्राइवरों से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है. इसके साथ ही रीयल-टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए नेविगेशन ऐप का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. पुलिस ने सुगम और सुरक्षित यातायात प्रबंधन के लिए जनता से सहयोग मांगा है.
आपको बता दें कि किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने दिल्ली के किसान घाट पर 21 जुलाई को देश बचाओ मोर्चा की मैगा रैली का ऐलान किया था. उन्होंने बताया कि इस रैली में शामिल होने के लिए हजारों किसान पंजाब से सैंकड़ों बसों में सवार होकर दिल्ली पहुंचेंगे.
दरअसल, ये किसान मजदूर मोर्चा, SKM, BKU एकता संघर्ष और अन्य किसान संगठन भारत-अमेरिका के प्रस्तावित व्यापार समझौते का विरोध करेंगे. उनका आरोप है कि इससे भारतीय खेती पर बुरा असर पड़ सकता है. KMM नेता सरवन सिंह पंढेर ने कई राज्यों के किसानों, मज़दूरों और युवाओं से इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है. ये प्रदर्शन 21 जुलाई को शाम 4 बजे खत्म होगा.
aajtak.in