दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में आज सुबह पार्किंग को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी की घटना में एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान पंकज नय्यर (34 वर्ष) के रूप में हुई है. आरोपी गौरव शर्मा (प्रीत विहार निवासी) गोली चलाने के बाद फरार हो गया है. पुलिस आरोपी और उसके साथियों की तलाश में जुट गई है.
पुलिस ने बताया कि रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब दो से तीन के बीच में दो पीसीआर कॉल प्राप्त हुईं. पहली कॉल 02:22 बजे और दूसरी 02:26 बजे फायरिंग और झगड़े की सूचना पर प्राप्त हुईं, ये दोनों कॉल्स A-144, प्रीत विहार के पते पर हुई घटना से संबंधित थीं. पुलिस ने बताया कि ये घटना ए-144, प्रीत विहार में हुई, जहां पंकज और उनके भाई पारस का गौरव शर्मा नामक व्यक्ति से झगड़ा हुआ था.
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि प्रति विहार के रहने वाले 34 वर्षीय पंकज नायर और 43 वर्षीय उनके भाई पारस के बीच पार्किंग को लेकर गौरव शर्मा से विवाद हुआ था. झगड़े के दौरान आरोपी गौरव ने गोली चला दी, जिससे पंकज के सीने में गोली लग गई.
गंभीर घायल अवस्था में पंकज को तुरंत मलिक निर्माण विहार स्थित रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
प्रीत विहार पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी गौरव शर्मा के खिलाफ एफआईआर नंबर 106/2026 दर्ज कर ली है.आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 115(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 लगाई गई है. पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं जो आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, ताकि उन्हें जल्द-से-जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
नितिन जैन / अंशुल सिंह