देश के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश हो रही है. तो कई राज्य ऐसे हैं जहां बारिश के कोई आसार नहीं हैं. बारिश कई लोगों के लिए राहत तो कई लोगों के लिए आफत बनकर बरस रही है. IMD ने केरल के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है, तो वहीं दिल्ली में शनिवार रात को बारिश हुई. गुजरात के कई जिलों में तो बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है.
केरल की बात करें तो मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने केरल के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. भारी बारिश के 6 लोगों की मौत हो गई. वहीं 6 लोग लापता बताए जा रहे हैं. केरल में हालात इतने बुरे हैं कि 65 राहत कैंपों में 1,400 से ज़्यादा लोगों को रखा गया है. प्रशासन द्वारा लोगों को हर संभव मदद दी जा रही है. IMD ने शनिवार और रविवार के लिए राज्य के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जैसे जिले इसमें शामिल हैं.
भारी बारिश को देखते हुए त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड और पथानामथिट्टा ज़िला प्रशासन ने 2 और 3 अगस्त को 'निरापुथरी' त्योहार के लिए सबरीमाला जाने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि वे भारी बारिश, पंपा नदी में बाढ़ और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए अपनी यात्रा करें. मौजूदा मौसम की स्थिति को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है.
यह भी पढ़ें: बाढ़ प्रभावित सात राज्यों को केंद्र की मदद, एडवांस में जारी किए ₹2,117 करोड़
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मौसम की बात करें तो शनिवार रात को राजधानी के कई हिस्सों में बारिश हुई. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है.
IMD ने आगामी कुछ दिनों के लिए दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना जताई है.
गुजरात में भी भारी बारिश से हाल बेहाल है. कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. कई जिलों में अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. वहीं भारी बारिश को देखते हुए स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टियां कर दी गई हैं. NDRF और SDRF जलमग्न वाले इलाकों में फंसे लोगों को बचाने में लगे हैं. IMD ने रविवार के लिए अहमदाबाद, सुरेंद्रनगर, राजकोट, भावनगर, मोरबी और बोटाद ज़िलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है.
शनिवार को दक्षिण और मध्य गुजरात के कई हिस्सों में तेज़ बारिश हुई. भारी बारिश के कारण सूरत और नवसारी जैसे इलाकों से 27,000 लोगों को किसी सुरक्षित जगह ले जाया गया है. बाढ़ के हालातों को देखते हुए कई गांव ऐसे हैं जिनका संपर्क अन्य स्थानों से कट गया है.
aajtak.in