सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके शनिवार को पार्टी के ‘जंतर-मंतर एट कोच्चि’ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कोच्चि पहुंचे. कोच्चि एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि यह लोगों का प्रदर्शन है और वह आयोजकों और अभिनेता प्रकाश राज के बुलावे पर यहां आए हैं. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उनकी लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक भारत में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था नहीं बन जाती.
अभिजीत दिपके ने दावा किया कि 13 करोड़ से ज्यादा वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि जब 13 करोड़ से ज्यादा वोटरों के नाम हटा दिए जाएं, जो कुल रजिस्टर्ड वोटरों का करीब 13-14 फीसदी है, तो ऐसे में चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष कैसे माना जा सकता है. उन्होंने यह भी दावा किया कि पूरे देश में वोटरों के नाम हटाए जा रहे हैं और ऐसा कोई राज्य नहीं है, जहां वोटरों के नाम नहीं हटाए जा रहे हों.
दरअसल, CJP ने शनिवार को अपने ‘जंतर-मंतर एट कोच्चि’ अभियान के तहत मरीन ड्राइव पर विरोध रैली निकाली. आयोजकों के मुताबिक, इसमें करीब 500 कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. रैली में मतदाता सूची के SIR को वापस लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई.
प्रकाश राज कर रहे लीड
अभिनेता प्रकाश राज के नेतृत्व में निकली इस रैली में डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (DYFI) की राज्य अध्यक्ष चिंथा जेरोम भी शामिल हुईं. प्रदर्शन में शामिल लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर CEC के खिलाफ नारे लगाए. रैली राजेंद्र मैदान में जाकर खत्म होगी, जहां अभिजीत दिपके प्रदर्शनकारियों को संबोधित करेंगे. रैली को देखते हुए पुलिस ने रास्ते में जवानों को तैनात किया है. पुलिस का मकसद ट्रैफिक को नियंत्रित करना और सड़क पर जाम जैसी स्थिति को रोकना है.
सीजेपी के नेताओं से पूछताछ
यह प्रदर्शन CJP नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद हो रहा है. दोनों पर आरोप है कि वे नई दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रवेश कर गए थे. दिल्ली पुलिस ने पिछले महीने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के तौर पर तय किया था. इसके बाद दिल्ली में पार्टी की ओर से घोषित तिरंगा मार्च से पहले दिपके को भी हिरासत में लिया गया था. CJP नेताओं से हाल ही में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने भी राष्ट्रीय राजधानी में हुए प्रदर्शनों से जुड़े मामलों को लेकर पूछताछ की थी.
aajtak.in