मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के विरोध और इस्तीफे की मांग के बीच उनके तीन प्रस्तावित दौरे स्थगित हो चुके हैं. इनमें उत्तर प्रदेश के दो और छत्तीसगढ़ का एक दौरा शामिल है. इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के दौरे भी प्रस्तावित थे, जिन्हें बाद में रद्द कर दिया गया.
हालांकि निर्वाचन आयोग का कहना है कि दौरे स्थगित होना कोई असामान्य बात नहीं है. मौसम, त्योहार और दूसरी व्यवस्थागत दिक्कतों के चलते पहले भी आयोग के अधिकारियों के दौरे स्थगित या फिर से तय होते रहे हैं.
बता दें कि 20 सितंबर को विवाद शुरू होने के बाद अगले ही दिन आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को दो कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी थी. इनमें 25 सितंबर को मेरठ में जेन जी युवाओं से मुलाकात और 28 सितंबर को काशी में छात्रों के साथ वोटर्स के लिए डिजिटल माध्यमों की सेवाओं पर संवाद का कार्यक्रम शामिल था.
इन दोनों कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं. मेरठ के कार्यक्रम के लिए करीब 1.53 करोड़ रुपये का टेंडर भी जारी किया जा चुका था. हालांकि, 21 सितंबर को अचानक इन तैयारियों को रोकने के निर्देश दिए गए. इसके बाद दोनों दौरे स्थगित कर दिए गए.
छत्तीसगढ़ का दौरा भी टला
7 और 8 अक्टूबर को होने वाला सीईसी ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा भी स्थगित कर दिया गया. इस दौरे में उन्हें दंतेवाड़ा के दंतेश्वरी मंदिर, बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात और कबीरधाम के भोरमदेव मंदिर जाना था. निर्वाचन आयोग का कहना है कि इन दौरों का स्थगित होना कोई अपवाद नहीं है. आयोग के मुताबिक, अलग-अलग कारणों से पहले भी दौरे टलते रहे हैं और बाद में उनके लिए नई तारीख तय की जाती रही है.
उत्तराखंड, हिमाचल और लद्दाख के दौरे भी रद्द
आयोग में उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश से पहले सीईसी के उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के दौरे भी प्रस्तावित थे. हालांकि, अपरिहार्य कारणों के चलते इन कार्यक्रमों को भी रद्द करना पड़ा.
आयोग के सूत्रों का कहना है कि विपक्ष के बढ़ते आंदोलन, एसआईआर को लेकर विवाद और सीईसी के इस्तीफे की मांग के बीच आधिकारिक तौर पर तारीखें तय या सार्वजनिक होने से पहले ही इन कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया था. फिलहाल निर्वाचन आयोग की ओर से स्थगित किए गए इन सभी दौरों के लिए नई तारीख या नया कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है.
संजय शर्मा