राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने मंगलवार को घोषणा की कि वे स्वास्थ्य कारणों से 23 अप्रैल को होने वाले बारामती विधानसभा उपचुनाव में वोट नहीं डाल पाएंगे. उन्होंने मतदाताओं से महायुति की उम्मीदवार और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को समर्थन देने की अपील की.
सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि 85 वर्षीय पवार को दो दिन पहले स्वास्थ्य जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
1967 के बाद पहली बार टूटेगी परंपरा
शरद पवार ने बताया कि वह 1967 से लगातार बारामती निर्वाचन क्षेत्र में अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. उन्होंने इस बार भी अपनी परंपरा के अनुसार बारामती आकर वोट देने का मन बनाया था. हालांकि, स्वास्थ्य में अचानक गिरावट के कारण उन्हें दो दिन पहले अस्पताल में भर्ती होना पड़ा. पवार ने कहा कि एक लंबी परंपरा का टूटना उनके लिए अत्यंत दुखद है और वह इसे भारी मन से साझा कर रहे हैं.
विपक्ष का समर्थन
अजीत पवार के निधन के बाद बारामती विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) ने सुनेत्रा पवार के खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है. शरद पवार की पार्टी ने पहले ही उनके समर्थन का ऐलान कर दिया था. कांग्रेस ने पहले आकाश मोरे को टिकट दिया था, लेकिन बाद में उनका नाम वापस ले लिया गया. इस समय चुनावी मैदान में सुनेत्रा पवार समेत कुल 23 उम्मीदवार हैं, लेकिन उन्हें मुख्य रूप से निर्विरोध जैसा समर्थन मिल रहा है.
शरद पवार ने कहा कि सुनेत्रा पवार को समर्थन देना उनकी पार्टी की ओर से दिवंगत अजीत पवार को एक श्रद्धांजलि है. उन्होंने मतदाताओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि बारामती के लोग सुनेत्रा को वोट देकर अजीत दादा के प्रति अपना सम्मान प्रकट करें.
आपको बता दें कि महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में निधन के बाद बारामती विधनासभा सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है, जहां 23 अप्रैल को मतदान होगा और 4 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे.
aajtak.in