बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के को-चेयरमैन ने BCI चेयरमैन मनन मिश्रा को पत्र लिखकर इस्तीफे की मांग की है. उनका कहना है कि मनन मिश्रा के नेतृत्व में BCI अपने तय मानकों से भटक गई है.
BCI को-चेयरमैन और सीनियर एडवोकेट वाईआर सदाशिव रेड्डी ने बीसीआई चेयरमैन को पत्र भेजकर 15 दिनों के भीतर इस्तीफा देने और इस बीच सभी संबंधित रिकॉर्ड सदस्यों के सामने रखते हुए विचार-विमर्श के लिए एक स्पेशल मीटिंग बुलाने की मांग भी की है.
इसके अलावा, बीसीआई और बीसीआई ट्रस्ट पर्ल के खातों का सीएजी से एम्पैनल्ड स्वतंत्र फर्म के जरिए स्पेशल ऑडिट कराने और उसकी रिपोर्ट सभी सदस्यों को जारी कर सार्वजनिक करने की मांग की गई है.
यह भी पढ़ें: बार काउंसिल के चेयरमैन मनन मिश्रा को हटाने की मांग, सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर
पत्र में निर्देश देने का आग्रह किया गया है कि तत्काल प्रभाव से किसी भी लॉ कॉलेज, यूनिवर्सिटी या मैनेजमेंट से परिषद या उससे जुड़े किसी ट्रस्ट द्वारा कोई डोनेशन, योगदान या पेमेंट न लिया जाए.
बता दें, आरोपों में कहा गया है कि काउंसिल नियुक्तियां बिना किसी पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के की गईं और बार काउंसिल ऑफ इंडिया ट्रस्ट को निष्क्रिय कर दिया गया और काउंसिल का फ़ंड एक नए बनाए गए ट्रस्ट में भेज दिया गया.
इसके अलावा संस्थाओं में चेयरमैन के परिवार के लोगों को अहम पदों पर बिठाने, नालसार यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के ग्रेजुएट बैच के खिलाफ बिना काउंसिल के सामने कोई भी जानकारी या दस्तावेज रखे निर्देश जारी करने और स्टेट बार काउंसिलों में गुटबाजी को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया गया है.
बता दें, बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) में कथित कुप्रबंधन की जांच को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दाखिल की गई है. याचिका के मुताबिक, मनन कुमार मिश्रा को तत्काल पद से हटाने और उनके लगातार पद पर बने रहने को गैर-कानूनी घोषित करने की मांग की गई.
अनीषा माथुर / सृष्टि ओझा