भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस से अपनी आखिरी फाइटर उड़ान भरी. वायुसेना ने इस खास मौके का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया है. यह उड़ान बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास 'तरंग शक्ति-2026' के दौरान भरी गई, जिसमें मित्र देशों के लड़ाकू विमानों और भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम ने भी हिस्सा लिया.
भारतीय वायुसेना ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर इस उड़ान का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'एक लड़ाकू पायलट की आखिरी उड़ान, जीवनभर का जुनून.'
वायुसेना ने बताया कि एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने स्वदेशी तेजस विमान के कॉकपिट में बैठकर अपनी आखिरी फाइटर उड़ान भरी. यह उनके विशिष्ट सैन्य करियर का एक यादगार पल है, जो उड़ान के प्रति उनके जुनून और देशसेवा के प्रति अटूट समर्पण को दर्शाता है.
मित्र देशों के विमानों के साथ भरी उड़ान
वायुसेना के मुताबिक, 'तरंग शक्ति-2026' अभ्यास के दौरान एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने मित्र देशों के विमानों और सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के साथ उड़ान भरी. यह उड़ान एक ऐसे लड़ाकू पायलट की भावना को दर्शाती है, जो हमेशा आगे बढ़कर नेतृत्व करने में विश्वास रखता है.
'एक बार फाइटर पायलट, हमेशा फाइटर पायलट'
भारतीय वायुसेना ने अपने संदेश में कहा कि एक अध्याय समाप्त होने के साथ भी उड़ान के प्रति जुनून कम नहीं हुआ है. आसमान में उड़ान का एक अध्याय भले ही समाप्त हो रहा हो, लेकिन राष्ट्र की सेवा का मिशन जारी रहेगा.
भारतीय वायुसेना की ओर से शेयर किए गए इस वीडियो में एयर चीफ मार्शल एपी सिंह की आखिरी फाइटर उड़ान को उनके लंबे सैन्य करियर और विमान उड़ाने के प्रति समर्पण से जोड़कर प्रस्तुत किया गया है.
aajtak.in