कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके ने वीडियो जारी कर 16 अक्टूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस में तिरंगा लहराने का ऐलान किया है. उन्होंने देशभर के लोगों से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है. दिपके ने कहा कि जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते, वे अपने-अपने शहरों में तिरंगा मार्च निकालें.
अभिजीत दिपके ने वीडियो में कहा, 'जैसा कि आप लोगों को पता है कि सौरभ और आशु को सिर्फ तिरंगा लहराने के लिए जेल में डाला गया है. मैं सभी देशभक्तों और तिरंगे से प्यार करने वाले लोगों से अपील करता हूं कि 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगा लेकर पहुंचें. वहां हम अपना तिरंगा लहराएंगे और बताएंगे कि तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं है.'
'जेल जाने की चिंता नहीं, तिरंगा लहराकर रहूंगा'
दिपके ने दिल्ली से बाहर रहने वाले लोगों से भी अपने-अपने शहरों में तिरंगा मार्च निकालने की अपील की. उन्होंने कहा, 'जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते, वे अपने शहरों में शाम को तिरंगा मार्च निकालें और इनको बता दें कि हमारा तिरंगा हमारा गर्व है और इसे लहराना कोई अपराध नहीं है.'
उन्होंने आगे कहा, 'हो सकता है कि इसके बाद मुझे भी जेल में डाल दिया जाए, लेकिन मुझे इसकी चिंता नहीं है. मेरा तिरंगा मेरा गर्व है और मैं इसे लहराकर ही रहूंगा.'
13 अक्टूबर का है मामला
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को सौरव दास, आशुतोष रांका, अजिंक्य शिंदे समेत पार्टी के कुल 14 सदस्य जंतर-मंतर पहुंचे थे. पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में डीनोटिफाइ किए जाने के बाद ये लोग एक निजी परिसर से होकर वहां पहुंचे थे. खास बात तो ये है कि जंतर-मंतर को हाल ही में प्रदर्शन स्थल की सूची से डिनोटिफाई किया गया है. ऐसे में पुलिस ने इन लोगों को रोकने की कोशिश की लेकिन इन लोगों ने पुलिस के काम में बाधा उत्पन्न की. जिसके बाद पुलिस ने सभी 14 लोगों को हिरासत में लिया था.
दो FIR दर्ज की गई
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस मामले में दो अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं. पहली FIR नंबर 289/26, कनॉट प्लेस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223(a), 332 और 61(2) के तहत दर्ज की गई. वहीं, दूसरी FIR नंबर 128/26 संसद मार्ग थाने में BNS की धारा 221, 115(2), 132, 121(1) और 3(5) के तहत दर्ज की गई. दोनों FIR 13 अक्टूबर 2026 को दर्ज हुईं. पुलिस ने बताया कि सभी 14 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई.
aajtak.in