जिम्बाब्वे के खिलाफ टी ट्वेंटी सीरिज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया. टीम में रिंकू सिंह की वापसी हुई है. वहीं, चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा श्रीराम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में मंजूर किया गया. हालांकि ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद गिरी ने चंपत राय को चढ़ावा चोरी मामले में बेदाग बताया. इन खबरों के अलावा, मणिपुर में असम राइफल्स के काफिले पर हुए आतंकी हमले में दो जवान शहीद हो गए हैं. पढ़ें मंगलवार सुबह की बड़ी खबरें.
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान, रिंकू सिंह की वापसी, 4 नए चेहरे भी स्क्वॉड में
जिम्बाब्वे के ख़िलाफ़ 23, 25 और 26 जुलाई को हरारे में होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज़ के लिए सोमवार को भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया. श्रेयस अय्यर कप्तान बनाए गए हैं, जबकि तिलक वर्मा उप-कप्तान होंगे. स्क्वॉड में बल्लेबाज रिंकू सिंह को भी शामिल किया गया है, जो आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम का हिस्सा नहीं बन सके थे.
चंपत का इस्तीफा-कृष्ण मोहन को कमान, विपक्ष पर वार... राम मंदिर ट्रस्ट की प्रेस कॉन्फ्रेंस की 5 बड़ी बातें
चढ़ावा चोरी विवाद के बीच सोमवार को हुई श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा का इस्तीफ़ा मंज़ूर कर लिया गया. अब पूर्व IFS अधिकारी कृष्ण मोहन को ट्रस्ट का अंतरिम महासचिव नियुक्त किया गया. बैठक में अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास समेत सभी प्रमुख ट्रस्टी मौजूद रहे.
बांकीपुर उपचुनाव: RJD ने रेखा गुप्ता को बनाया उम्मीदवार, त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल यानी RJD ने रेखा कुमारी गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है. पार्टी ने लगातार दूसरी बार उन पर भरोसा जताया है. पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें 46 हजार 363 वोट मिले थे और वह दूसरे स्थान पर रही थीं. RJD को इस बार उनसे बेहतर प्रदर्शन और मज़बूत चुनौती की उम्मीद है.
चीन ने प्रशांत महासागर में किया परमाणु मिसाइल का परीक्षण, कई देश चिंता में
चीन की नौसेना ने परमाणु पनडुब्बी से ICBM मिसाइल का सफल परीक्षण किया. डमी वॉरहेड वाली मिसाइल प्रशांत महासागर में तय लक्ष्य पर सटीक गिरी. परीक्षण के बाद मीडिया ने इसकी जानकारी दी. इसे चीन की न्यूक्लियर ट्रायड को मज़बूत करने की दिशा में बड़ा क़दम माना जा रहा है, जिसमें ज़मीन, हवा और समुद्र से परमाणु हमला करने की क्षमता शामिल है.
महाराष्ट्र: नासिक में बादल फटने का अलर्ट, स्कूल-कॉलेज और बड़े मंदिर रहेंगे बंद
महाराष्ट्र के नासिक में मंगलवार को बादल फटने जैसी मूसलाधार बारिश की आशंका के बीच प्रशासन अलर्ट पर है. IMD ने त्र्यंबकेश्वर, इगतपुरी और नासिक तालुका के पश्चिमी इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. एहतियातन ज़िले के सभी स्कूल और कॉलेज मंगलवार को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. बड़े मंदिरों को भी बंद रखने का फैसला किया गया है.
जम्मू-कश्मीर के शोपियां में रात 10 बजे के बाद पटाखे जलाने पर क्यों लगी रोक, जानें
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में प्रशासन ने रात 10 बजे के बाद पटाखे जलाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है. डीएम शिशिर गुप्ता ने सुरक्षा और जनस्वास्थ्य का हवाला देते हुए यह आदेश जारी किया है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और अगले दो महीने तक प्रभावी रहेगा, जब तक कि इसे वापस न लिया जाए या नया आदेश जारी न हो.
मिस से मिसेज बनीं अंशुला कपूर, रोहन ठक्कर संग लिए सात फेरे, दूल्हा-दुल्हन की दिखी पहली झलक
बॉनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर की अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर के साथ मुंबई के ताज लैंड्स में शादी संपन्न हुई. उनकी शादी हिंदू रीति-रिवाजों से की गई. शादी के फंक्शन में परिवार के लोग और करीबी दोस्तों ने शिरकत की. अंशुला के पति रोहन पेशे से स्क्रीनराइटर हैं, वो करण जौहर की कंपनी 'धर्माटिक एंटरटेनमेंट' के लिए काम करते हैं.
मुंबई-पुणे मिसिंग लिंक पर भारी भूस्खलन, 60-60 टन की चट्टानों ने मचाई तबाही
पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे के ‘मिसिंग लिंक’ प्रोजेक्ट पर सोमवार तड़के भूस्खलन हो गया. पहाड़ी से गिरे पत्थरों ने इस टनल के निकास द्वार को नुक़सान पहुंचाया. बताया गया है कि यह हादसा सोमवार सुबह करीब 3 बजे हुआ, लेकिन कम यातायात के चलते कोई जनहानि नहीं हुई. इसके बाद ट्रैफ़िक को पुराने एक्सप्रेसवे पर डायवर्ट कर दिया गया.
मणिपुर में असम राइफल्स के काफिले पर आतंकी हमला, 2 जवान शहीद
मणिपुर के उखरुल जिले में सोमवार को असम राइफल्स के काफिले पर आतंकियों ने घात लगाकर हमला कर दिया. पहले IED से विस्फोट किए गए. इसके बाद कई दिशाओं से ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी गई. इस हमले में असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए. बताया जा रहा है कि ये हमला उखरुल जिले के शांगशाक के पास नुंगशांग कोंग गांव के निकट हुआ.
चंदा चोरी से सबक! अयोध्या राम मंदिर में अब CEO देखेंगे कामकाज, चुनने के लिए बनी 3 सदस्यीय कमेटी
राम मंदिर में दान चोरी के मामले के बाद ट्रस्ट ने दैनिक कामकाज की निगरानी के लिए CEO नियुक्त करने का फ़ैसला किया है. ट्रस्ट ने माना कि घटना से उसकी छवि को नुक़सान पहुंचा है. CEO के चयन के लिए रिटायर्ड जस्टिस प्रदीप कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकान्त चतुर्वेदी और सुरेश हावड़े की तीन सदस्यीय सर्च कमेटी बनाई गई है.
aajtak.in