संसद के मॉनसून सत्र में कई दिनों से चला आ रहा गतिरोध आखिरकार खत्म हो गया है. मंगलवार से एंटी पेपर लीक बिल पर विस्तृत चर्चा शुरू होगी. वहीं, अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर नई SIT गठित कर दी गई है. इधर, दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन की सजा पर 31 जुलाई को फैसला आना है, जबकि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी डीपफेक मामले को लेकर हाईकोर्ट पहुंच गए हैं. इसी बीच धर्मेंद्र प्रधान ने खुद को 'स्ट्रीट फाइटर' बताया. देश-दुनिया की अन्य बड़ी खबरों में राजकोट में इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, तमिलनाडु सरकार को मद्रास हाईकोर्ट से झटका और बैंक ऑफ बड़ौदा के कथित डेटा लीक का मामला भी चर्चा में रहा. पढ़ें सोमवार शाम की बड़ी खबरें.
संसद में सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध टूटा, एंटी पेपर लीक बिल पर कल होगी चर्चा
संसद के चालू मॉनसून सत्र की शुरुआत से ही चला आ रहा गतिरोध अब टूट गया है. विपक्षी दल एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के लिए सहमत हो गए हैं. स्पीकर ओम बिरला की पहल पर प्रमुख राजनीतिक दलों के फ्लोर लीडर्स ने सदन में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के लिए सहमति जता दी है. मंगलवार को 12 बजे से बिल पर विस्तृत चर्चा शुरू होगी.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी: सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर नई SIT गठित, चार्टर्ड अकाउंटेंट भी होगा सदस्य
अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. इस दौरान राज्य सरकार की ओर से पैरवी करते हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि मामले की पारदर्शी जांच के लिए दोबारा SIT बना दी गई है. इस तीन सदस्यीय SIT में आईजी किरण एस के अलावा दो और सीनियर IPS अधिकारियों को शामिल किया गया है.
ताहिर हुसैन की सजा पर 31 जुलाई को होगा फैसला, दिल्ली पुलिस ने की थी पांसी की मांग
दिल्ली पुलिस ने IB अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में ताहिर हुसैन और उनके सह-दोषियों के लिए अदालत में फांसी की सज़ा की मांग की है. पुलिस ने सुनवाई के दौरान दलील दी कि अपराधियों ने बेहद क्रूर और जघन्य तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया है जो इन लोगों की सोची-समझी साज़िश थी. पुलिस ने बताया कि अंकित को बहुत अधिक यातना दी गई थी.
E20 प्रोग्राम से परिवार का नाम जोड़ने वाली पोस्ट्स के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे नितिन गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कथित मानहानिकारक पोस्ट और डीपफेक कंटेंट के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया है. गडकरी के मुकदमे के मुताबिक, विवादित कंटेंट में ऐसी पोस्ट्स और डीपफेक शामिल हैं जो केंद्रीय मंत्री और उनके परिवार को E20 इथेनॉल प्रोग्राम से मुनाफा कमाने से जोड़ते हैं. याचिका में केंद्रीय मंत्री के बारे में गलत जानकारी फैलाने का आरोप है.
'मैं स्ट्रीट फाइटर हूं, AC एक्टिविस्ट नहीं...', इस्तीफे के बाद धर्मेंद्र प्रधान का पहला रिएक्शन
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद सोमवार को धर्मेंद्र प्रधान की पहली प्रतिक्रिया सामने आई. उन्होंने कांग्रेस नेता जयराम रमेश की बात पर रिएक्शन देते हुए कहा, 'आई एम ए स्ट्रीट फाइटर. नॉट एन एसी रूम ऐक्टिविस्ट'. माना जा रहा है कि उन्हें बीजेपी में कोई ज़िम्मेदारी दी जा सकती है
दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित
दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की एक इंटरनेशनल फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. हवा में उड़ान के दौरान ही पायलट को विमान के एक हिस्से से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया. पायलट के संयम और सूझबूझ के चलते विमान को दोपहर 3:27 बजे राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड करा लिया गया.
तमिलनाडु की विजय सरकार को झटका, मद्रास हाईकोर्ट ने पलटा ये फैसला
करूर भगदड़ मामले में मद्रास हाई कोर्ट ने मृतकों के परिजनों को सरकारी नौकरी देने का सरकारी आदेश रद्द कर दिया है. अदालत ने कहा कि इस मामले की जांच अभी CBI कर रही है. साथ ही सुप्रीम कोर्ट भी इसकी निगरानी कर रहा है. कोर्ट ने कहा कि करूर भगदड़ की जांच फिलहाल CBI के पास है. इतना ही नहीं, इस पूरी जांच पर सुप्रीम कोर्ट भी नजर बनाए हुए है
LSG मालिक संजीव गोयनका की नई पारी, इंग्लैंड में गढ़ेंगे क्रिकेट का भविष्य
आईपीएल फ्रेंचाइजी LSG के मालिक संजीव गोयनका के RPSG ग्रुप ने इंग्लैंड के ओल्ड ट्रैफर्ड के पास एक अत्याधुनिक हाई-परफॉर्मेंस सेंटर बनाने का फैसला किया है. यह आधुनिक सुविधा मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, लंकाशायर और RPSG के ग्लोबल क्रिकेट नेटवर्क के खिलाड़ियों को अत्याधुनिक ट्रेनिंग, स्पोर्ट्स साइंस और मेडिकल सपोर्ट उपलब्ध कराएगा.
'प्रधानमंत्री भगवान तो हैं नहीं, मजाक लोकतंत्र का हिस्सा', साइबर एक्शन पर बोले CJP प्रवक्ता सौरव दास
CJP प्रवक्ता सौरव दास ने दिल्ली समेत अन्य BJP शासित राज्यों में पुलिस द्वारा छात्रों को धमकाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, 'केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने सरकार की ओर से यह भरोसा दिया था कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर FIR नहीं दर्ज होगी. सरकार ने हमें यह लिखित में देने को कहा था, जिसका मंगलवार को आखिरी दिन है.'
बैंक ऑफ बड़ौदा से कस्टमर्स का डेटा लीक, अकाउंट डिटेल्स सेलेकर आधार और नंबर तक शामिल होने का दावा
देश के बड़े सरकारी बैंकों में शामिल बैंक ऑफ बड़ौदा के सर्वर से बड़े डेटा लीक की खबर है. दावा किया जा रहा है कि बैंक का करीब 1TB डेटा इंटरनेट और डार्क वेब पर लीक कर दिया गया है. यह दावा एक थ्रेट एक्टर ने किया है, जिसने कहा है कि उसने बैंक के सिस्टम में सेंध लगाई और बड़ी मात्रा में डेटा हासिल किया.
aajtak.in