भारत 28 जून से बांग्लादेशी नागरिकों के लिए टूरिस्ट वीजा सेवाएं फिर से शुरू करने जा रहा है. भारत में अभी तक इबोला वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन देश में इसे लेकर सतर्कता बरती जा रही है. इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच पहला अनधिकृत टेस्ट 25 जून से गॉल के गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. भारत और आयरलैंड के बीच 26 जून से शुरू होने जा रही दो टी20 मैचों की सीरीज की टाइमिंग में बदलाव किया गया है. क्रिकेट आयरलैंड ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर बताया कि दोनों मैच अब भारतीय समयानुसार शाम 6 बजे शुरू होंगे. पढ़ें बड़ी खबरें...
1. बांग्लादेशी नागरिकों के लिए टूरिस्ट वीजा फिर शुरू करेगा भारत, 28 जून से कर सकेंगे आवेदन
भारत 28 जून से बांग्लादेशी नागरिकों के लिए टूरिस्ट वीजा सेवाएं फिर से शुरू करने जा रहा है. बांग्लादेश में भारत के नए हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी ने जानकारी दी है. ये वीज़ा लगभग दो साल पहले सुरक्षा स्थिति बिगड़ने और मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौरान नई दिल्ली के साथ संबंध ख़राब होने के कारण रोक दिए गए थे.
2. इबोला के खतरे के बीच भारत अलर्ट, AIR SUVIDHA 2.0 पोर्टल शुरू हुआ; विदेश से आने वाले यात्रियों पर रहेगी नजर
भारत में अभी तक इबोला वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन देश में इसे लेकर सतर्कता बरती जा रही है. सरकार ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की निगरानी के लिए AIR SUVIDHA 2.0 नाम का नया डिजिटल हेल्थ डिक्लेरेशन प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है. इसके ज़रिए यात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहले से जुटा ली जाएगी ताकि संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके.
3. ऑपरेशन सिंदूर में जंग का नक्शा बनाने वाले जहाज को मिली अंतिम ऑपरेशनल मंजूरी
DRDO ने गुरुवार को बेंगलुरु के सेंटर फॉर एयरबोर्न सिस्टम्स में स्वदेशी नेत्र एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम को अंतिम ऑपरेशनल क्लियरेंस दे दिया है. यह भारतीय वायु सेना के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. ये मंज़ूरी नेत्र प्रोग्राम के विकास, परीक्षण और ऑपरेशनल जांच-पड़ताल के पूरा प्रोसेस होने के बाद दी गई है.
4. श्रीलंका में साई सुदर्शन का जलवा, जड़ा फर्स्ट क्लास करियर का 9वां शतक, मेजबान बॉलर्स पस्त
इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच पहला अनधिकृत टेस्ट 25 जून से गॉल के गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मैच में भारतीय- ए टीम टॉस जीतकर पहले बैटिंग कर रही है. मैच के पहले दिन इंडिया-ए के सलामी बल्लेबाज़ साई सुदर्शन ने 175 बॉल पर 132 रन बनाए, जिसमें 19 चौके शामिल रहे. दिन के अंत तक भारत-ए टीम का स्कोर 333/4 है.
5. विम्बलडन में बगावत की तैयारी! प्राइज मनी को लेकर स्टार खिलाड़ियों ने खोला मोर्चा, मुश्किल में आयोजक
विम्बलडन 2026 की शुरुआत से पहले स्टार खिलाड़ियों ने इस टूर्नामेंट में मिलने वाली प्राइज़ मनी में और बढ़ोतरी की मांग की है. ब्रिटिश मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई दिग्गज खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में मिलने वाली प्राइज़ मनी से असंतुष्ट हैं. विम्बलडन की कुल आय का लगभग 15 प्रतिशत हिस्सा ही खिलाड़ियों को प्राइज़ मनी के रूप में मिलता है.
6. खुलकर पाकिस्तान के समर्थन में आया चीन, अमेरिका-ईरान जंग पर ये कहा
चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने पाकिस्तान के नेतृत्व को बधाई दी है और अमेरिका-ईरान के बीच मध्यस्थता की उसकी कोशिशों को अडिग समर्थन देने का भरोसा जताया है. इस्लामाबाद में विदेश कार्यालय की ओर से जारी बयान में ये जानकारी दी गई. बयान में कहा गया कि वांग यी ने शांति और स्थिरता के लिए पाकिस्तान की लगातार कोशिशों की सराहना की.
7. IND vs IRE: भारत-आयरलैंड T20 सीरीज की बदल गई टाइमिंग, अब इतने बजे शुरू होंगे मुकाबले
भारत और आयरलैंड के बीच 26 जून से शुरू होने जा रही दो टी20 मैचों की सीरीज़ की टाइमिंग में बदलाव किया गया है. क्रिकेट आयरलैंड ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर बताया कि दोनों मैच अब भारतीय समयानुसार शाम 6 बजे शुरू होंगे, जबकि पहले इनका समय शाम 7 बजे निर्धारित किया गया था. ये बदलाव विमेंस टी20 विश्व कप के मैचों के कारण किया गया है.
8. यूपी बीजेपी की नई टीम का ऐलान, राजनाथ सिंह के बेटे नीरज और पूजा पाल बने उपाध्यक्ष, ये हैं 46 नाम
उत्तर प्रदेश में बीजेपी ने 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए 46 पदाधिकारियों के नामों की सूची जारी कर अपनी नई संगठनात्मक टीम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दूसरे बेटे नीरज सिंह को नया प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है. बाराबंकी की प्रियंका रावत को प्रमोट करके महामंत्री से उपाध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई है.
9. सऊदी अरब में भारतीयों के लिए प्रॉपर्टी खरीदना हुआ आसान, जानें नए नियम
सऊदी अरब सरकार ने विदेशी निवेशकों के लिए देश में प्रॉपर्टी खरीदने के नियमों को बेहद आसान बना दिया है. इसके लिए एक नया आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया गया है, जो जनवरी 2026 से लागू हुए नए 'रियल एस्टेट ओनरशिप लॉ' के तहत काम करता है. इसके ज़रिए प्रॉपर्टी खरीदने की पूरी प्रक्रिया को घर बैठे ऑनलाइन पूरा किया जा सकता है.
10. हरेन पंड्या मर्डर केस: दोषी की सजा माफी अर्जी पर गुजरात हाईकोर्ट सख्त, सरकार को दिया 6 महीने का वक्त
गुजरात हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को हरेन पंड्या हत्याकांड मामले में हैदराबाद के शार्प शूटर मोहम्मद असगर अली की अर्जी पर 6 महीने के भीतर फैसला लेने का आदेश दिया है. आजीवन कारावास की सज़ा काट रहे दोषी असगर अली ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि सजा माफी का लाभ पाने की उनकी अर्ज़ी गुजरात सरकार कोई फैसला नहीं ले रही है.
aajtak.in