पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संसद में घोषणा की है कि पाकिस्तान स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर साइनिंग सेरेमनी (हस्ताक्षर समारोह) की मेजबानी करेगा. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते का खुलकर स्वागत किया है. पढ़ें सोमवार शाम की बड़ी खबरें.
'मुनीर ने बुझाई जंग की आग', फील्ड मार्शल का गुणगान कर रहे शहबाज, बोले- PAK करेगा डील की मेजबानी
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने संसद में घोषणा की है कि पाकिस्तान स्विट्ज़रलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर साइनिंग सेरेमनी की मेज़बानी करेगा. शहबाज़ ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते को शांति की दिशा में एक हिस्टोरिक माइलस्टोन बताया. अमेरिका-ईरान शांति समझौते पर 19 जून को जेनेवा में हस्ताक्षर किए जाने हैं.
अमेरिका-ईरान डील पर पीएम मोदी का ट्वीट, कहा- इससे दुनिया में बहाल होगी शांति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते का खुलकर स्वागत किया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को ख़त्म करने के लिए दोनों देशों के बीच जो सहमति बनी है, वह बेहद सराहनीय कदम है. पीएम ने कहा कि इस युद्ध की वजह से पूरी दुनिया में गंभीर आर्थिक संकट पैदा हो गया था.
'हम हैं असली पार्टी', बागी सांसदों ने TMC के सिंबल पर ठोका दावा, कोर्ट जाने की तैयारी
TMC के बागी सांसद अरूप चक्रवर्ती ने सोमवार को कहा कि अलग हुआ गुट पार्टी छोड़कर नहीं गया है, बल्कि वह पार्टी को सुधारने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने दावा किया कि उनका गुट टीएमसी के चुनाव चिन्ह पर भी दावा करेगा. वहीं, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी ने इस कदम को संविधान की 10वीं अनुसूची (दल-बदल विरोधी कानून) के तहत अवैध बताया है.
दहल उठा यूक्रेन! रूस का अब तक का सबसे भयावह हमला... कीव पर बरसाए 600 ड्रोन और 70 मिसाइलें, 11 की मौत
रूस ने रविवार और सोमवार की दरमियानी रात यूक्रेन की राजधानी कीव और खार्किव सैकड़ों ड्रोन और दर्जनों मिसाइलें दागीं. रूस के इस हमले में 11 लोग मारे गए और 1000 साल पुराना एक मशहूर चर्च भी जल गया. कीव में अकेले 5 लोगों की मौत हुई और 30 से ज़्यादा लोग घायल हुए - जिनमें 5 और 6 साल के दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं.
बंगाल को केंद्र की बड़ी सौगात, ग्रामीण रोजगार के लिए ₹8,508 करोड़ मंजूर
केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल के ग्रामीण विकास और रोज़गार के लिए ₹8,508 करोड़ का विशेष फंड मंज़ूर किया है. इस फंड के तहत ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए ₹2,400 करोड़ अलग से स्वीकृत किए गए हैं. पूरे देश में उत्तर प्रदेश के बाद बंगाल को सबसे ज़्यादा रकम दी गई है. UP के लिए इस योजना में 9,721.48 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है.
दिल्ली एयरपोर्ट पर रोके गए बांग्लादेशी PM के सलाहकार, बिना मीटिंग किए वापस लौटे
बांग्लादेश के PM तारिक रहमान के करीबी सलाहकार जाहिद उर रहमान को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए रोक दिया गया, बाद में भारत में एंट्री की मंज़ूरी भी मिल गई, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने मीटिंग में शामिल हुए बिना ही वापस ढाका लौटने का फैसला किया. भारतीय अधिकारियों की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं आया है.
ब्रिटेन PM का बड़ा ऐलान, 16 साल से छोटे बच्चों के लिए बैन होगा सोशल मीडिया
ब्रिटेन के PM कीर स्टारमर ने बताया है कि वह 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन करने जा रहे हैं. PM स्टारमर ने X पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी है बीते साल ऑस्ट्रेलिया ने टीनएजर्स और बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को बैन किया था. हाल ही में कनाडा ने भी ऐलान किया था कि वह सोशल मीडिया के लिए नियम बदलने जा रहा है.
ईरान-US डील का इजरायल ने किया कबाड़ा... दक्षिण लेबनान पर IDF के ताबड़तोड़ हमले
ईरान-अमेरिका डील को फाइनल हुए 24 घंटा भी नहीं गुज़रा है कि इज़रायल ने लेबनान पर फिर से हमला कर दिया है. बताया जा रहा है कि इज़रायल ने दक्षिणी लेबनान के जवतार, मरकबा और खियाम शहर पर हवाई और आर्टिलरी शेलिंग से हमले किए हैं. इस बीच इज़रायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री बेन-ग्विर ने कहा है कि ट्रंप का समझौता इज़रायल पर बाध्य नहीं है.
'फैजल खान ने मेरे भाई की हत्या करवाई, नार्को टेस्ट हो उसका...',जेल से निकलते ही बोले रौशन आनंद
पटना के चर्चित कोचिंग विवाद में जेल में बंद रौशन आनंद अदालत से ज़मानत मिलने के बाद अपने भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार में होने के लिए सहरसा पहुंचे. यहां आते ही उन्होंने आरोप लगाया कि फैज़ल खान और कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद ने उनके भाई की हत्या करवाई है. इससे पहले फैज़ल खान ने एक वीडियो संदेश जारी कर प्रिंस यादव की मौत पर शोक जताया था.
FIFA World Cup 2026: गोल दागा, लेकिन जश्न नहीं मनाया... चर्चा में स्वीडन का ये स्टार फुटबॉलर
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सोमवार को स्वीडन ने ट्यूनीशिया को 5-1 से हरा दिया. ग्वाडालूप के एस्टाडियो बीबीवीए में आयोजित इस मैच में सबसे ज़्यादा चर्चा युवा मिडफील्डर यासिन अयारी के गोल और उसके बाद उनके रिएक्शन की हुई. गोल करने के बाद जश्न मनाने की बजाय उन्होंने ट्यूनीशिया के प्रशंसकों से माफी मांगते हुए दोनों हाथ उठा दिए.
aajtak.in