मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम के बीच उत्तर मुंबई के मनोरी तट के पास एक बिना चालक वाला मर्चेंट टैंकर फंस गया है. स्थिति का आकलन करने और जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) ने अपने जहाजों को मौके पर भेजा है. अधिकारियों के मुताबिक यह जहाज तट से करीब एक किलोमीटर दूर फंसा हुआ है.
कोस्ट गार्ड ने बयान जारी कर बताया कि 5 जुलाई को डायरेक्टरेट जनरल ऑफ शिपिंग (DG Shipping) से सूचना मिली थी कि खराब मौसम के कारण MT Asphalt Star, MT Stellar Ruby और MT Al Jafzia नाम के जहाज लंगर खिसकने की वजह से बहने लगे हैं. इसके बाद ICGS Samrat को मौके पर भेजा गया ताकि स्थिति का जायजा लिया जा सके और जरूरत पड़ने पर सहायता दी जा सके. साथ ही डीजी शिपिंग से इमरजेंसी टोइंग वेसल Water Lily को भी सहायता के लिए भेजने का अनुरोध किया गया.
दो जहाज फिर से सुरक्षित एंकर पर आ गए
फिलहाल MT Asphalt Star और MT Stellar Ruby सुरक्षित रूप से एंकर पर हैं और दोनों जहाजों के चालक दल सुरक्षित बताए गए हैं. हालांकि खराब मौसम और समुद्र में ऊंची लहरों के कारण MT Stellar Ruby धीरे-धीरे बह रहा है. वहीं MT Al Jafzia, जो एंकर पर बिना चालक दल के खड़ा था, उसके मनोरी तट के पास फंस जाने की आशंका जताई गई है. कोस्ट गार्ड ने बताया कि ICGS Samudra Prahari और इमरजेंसी टोइंग वेसल Water Lily क्षेत्र में तैनात हैं और जरूरत पड़ने पर सहायता के लिए तैयार हैं.
यह भी पढ़ें: मुंबई का मॉनसून: 2000 के बाद सबसे 'गीला' शुरूआती दौर, IMD का रेड अलर्ट
मरीन ट्रैफिक वेबसाइट के अनुसार MT Al Jafzia एक ऑयल और केमिकल टैंकर है, जो दो महीने पहले मुंबई पोर्ट पर खड़ा था. यह जहाज 182.75 मीटर लंबा और 32.26 मीटर चौड़ा है तथा निकारागुआ के झंडे के तहत संचालित होता है. इंडियन कोस्ट गार्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि इसी साल फरवरी में इन तीनों जहाजों को अवैध बंकरिंग के आरोप में पकड़ा गया था. बाद में इन्हें मुंबई लाया गया और येलो गेट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया. जहाज मालिकों ने बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था, जिसके बाद अदालत ने इन जहाजों को स्क्रैपिंग के लिए अलंग भेजने का निर्देश दिया था.
मर्चेंट जहाज फंसने के बाद कोस्ट गार्ड अलर्ट
इससे पहले गोराई पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया था कि सुबह जहाज फंसने की सूचना मिलने के बाद नौसेना, कोस्ट गार्ड और अन्य समुद्री एजेंसियों को इसकी जानकारी दे दी गई थी. अधिकारी ने कहा कि जहाज मनोरी बीच से करीब एक किलोमीटर दूर लंगर डाले खड़ा है और अब तक इससे जुड़ी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है. स्थानीय मछुआरों के मुताबिक जिस इलाके में जहाज फंसा है वहां चट्टानी क्षेत्र है और तेज हवाओं के कारण छोटी नौकाओं का वहां पहुंचना फिलहाल सुरक्षित नहीं है. मुंबई और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है.
aajtak.in