महाराष्ट्र के उल्हासनगर में एक युवती द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद सनसनी फैल गई है. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि एक मुस्लिम युवक ने अपनी पहचान छिपाकर खुद को हिंदू बताया और उससे शादी कर ली. मामले के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है. जानकारी के अनुसार आरोपी युवक ने अपना नाम विजय बताकर युवती से दोस्ती की थी.
धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में प्रेम संबंध बन गए. इसके बाद युवक ने युवती से शादी कर ली. पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद युवक उसे बिहार लेकर गया, जहां उसे पता चला कि उसका असली नाम इमरान शेख है. युवती ने अपनी शिकायत में कहा है कि बिहार ले जाने के बाद उस पर मुस्लिम रीति-रिवाज अपनाने का दबाव बनाया गया. उसने आरोप लगाया कि उसे बुर्का और हिजाब पहनने के लिए मजबूर किया जाता था. इसके अलावा उस पर गोमांस खाने के लिए भी दबाव बनाया गया.
हिंदू नाम बताकर युवती से दोस्ती और फिर शादी
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी और उसके परिवार के लोग हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अपमानजनक बातें करते थे और गाली-गलौज करते थे. इन आरोपों के बाद मामला और गंभीर हो गया. इस मामले में उल्हासनगर सेंट्रल पुलिस ने आरोपी इमरान शेख, उसके दो भाइयों और माता-पिता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है.
पुलिस ने आरोपी और उसके दो भाइयों को अरेस्ट किया
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इमरान शेख और उसके दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं माता-पिता की भूमिका को लेकर भी जांच जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. सभी आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना सामने आने के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
मिथिलेश गुप्ता