पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए पहलू सामने आ रहे हैं. इस बीच पहली बार सिया गोयल के माता-पिता ने सामने आकर पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा. उन्होंने बताया कि केतन और सिया का रिश्ता कैसे तय हुआ था और चेतन चौधरी के बारे में उन्हें क्या जानकारी थी.
केतन के घरवालों ने शादी में देखा था सिया को
सिया के पिता प्रवीण गोयल ने बताया कि यह रिश्ता किसी मैट्रिमोनियल वेबसाइट या पारंपरिक रिश्ते के जरिए नहीं हुआ था. उनके मुताबिक, परिवार के एक शादी समारोह के दौरान गोवा में पहली बार सिया को देखकर केतन के परिवार की ओर से रिश्ते की बात की गई थी. बाद में दोनों परिवारों के बीच बातचीत आगे बढ़ी और रिश्ता तय हो गया.
'अगर हम सिया के साथ थे तो हमें फांसी दे दो'
मामले में सामने आए आरोपों और जांच के बीच सिया के माता-पिता ने कहा कि उन्हें चेतन चौधरी के बारे में किसी तरह की जानकारी नहीं थी. उनका कहना है कि अगर उन्हें पहले से किसी भी बात की जानकारी होती तो वे कभी इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं होते.
आजतक से बातचीत में सिया के माता-पिता ने कहा कि यदि जांच में यह साबित हो जाता है किं उनके परिवार की कोई गलती है या उन्हें किसी बात की जानकारी थी, तो उन्हें भी सबसे कड़ी सजा दी जाए. उन्होंने कहा, 'अगर हमारी गलती पाई गई तो हमें भी फांसी दे दीजिए.'
'सिया को भी किले से धक्का दे दो'
उन्होंने अपनी बेटी को लेकर भी भावुक बयान दिया. उनका कहना था कि यदि सिया दोषी साबित होती है तो उसे भी कानून के मुताबिक सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने यहां तक कहा कि अगर उसने यह अपराध किया है तो उसे भी उसी किले पर ले जाकर धक्का दे देना चाहिए जहां से गिरकर केतन की मौत हुई.
सिया के पिता प्रवीण गोयल इमोश्नल होकर बताते हैं कि केतन जब भी उनके घर आता था, उन्हें हमेशा पापा जी कहकर बुलाता था. वह घंटों घर में बैठता, परिवार के साथ समय बिताता और सभी के साथ घुलमिल जाता था. उनके मुताबिक धीरे-धीरे रिश्ता इतना करीब हो गया था कि उन्हें केतन अपने बेटे से भी ज्यादा प्रिय लगने लगा था. उन्होंने कहा कि केतन का व्यवहार, उसका सम्मान और परिवार के प्रति उसका अपनापन उन्हें बेहद प्रभावित करता था. यही वजह है कि जब केतन की मौत की खबर आई तो यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं थी, बल्कि दो परिवारों के बीच बने एक रिश्ते के टूट जाने जैसा भी था. सिया के माता-पिता के इस बयान के बाद मामले को लेकर चर्चा और तेज हो गई है.
सिया के इशारे पर केतन ने दिया धक्का?
गौरतलब है कि केतन अग्रवाल की हत्या का मामले में हर दिन नई परतें खुल रही हैं. अब पुलिस जांच में पता चला है कि उनकी मंगेतर सिया गोयल ने ही इशारा देकर अपने प्रेमी चेतन चौधरी से उन्हें लोहागढ़ किले की खाई में धक्का दिलवाया था. यह घटना 18 जून को हुई थी. फिलहाल दोनों आरोपी अब पुलिस की पकड़ में हैं .
ओमकार