मोबाइल लेने घर से निकला 17 साल का लड़का शायद नहीं जानता था कि कुछ ही मिनटों बाद उसकी हत्या कर दी जाएगी. महाराष्ट्र के पुणे में बीच सड़क पर सात युवकों ने उसका पीछा किया, उसे घेरा और फिर कोयते और दूसरे धारदार हथियारों से हमला कर दिया. पुलिस का कहना है कि यह हत्या पुरानी रंजिश में की गई. इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अब भी फरार हैं.
घटना पुणे के कात्रज इलाके की है. पुलिस के मुताबिक, सोमवार की रात 17 साल का किशोर अपने एक दोस्त के साथ मोबाइल लेने निकला था. तभी तीन बाइकों पर सवार सात युवक वहां पहुंचे और उसका पीछा करने लगे. किशोर जान बचाने के लिए भागा, लेकिन कुछ ही दूर जाकर आरोपियों ने उसे पकड़ लिया.
इसके बाद आरोपियों ने कोयते और दूसरे धारदार हथियारों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, उसके सिर, चेहरे और हाथों पर कई वार किए गए. वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा, लेकिन हमला तब तक जारी रहा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में दोहरा हत्याकांड! झोला, टेप और ग्लव्स लेकर घुसे बदमाश, रिटायर्ड बैंककर्मी और पत्नी की बेरहमी से हत्या
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर भारती विद्यापीठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब तीन महीने पहले किशोर का मुख्य आरोपी की बहन से विवाद हो गया था. पुलिस का कहना है कि उसी रंजिश का बदला लेने के लिए इस हत्या की साजिश रची गई. हालांकि पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
पुलिस ने हत्या के मामले में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. इनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन अभी फरार हैं. गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस घटनास्थल पर भी लेकर गई, जहां क्राइम सीन रीक्रिएट कराया गया. इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.
मृतक के परिजन और स्थानीय लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा. कुछ लोगों ने आरोपियों को चप्पलों से मारने की कोशिश की और उनके चेहरे दिखाने की मांग की. पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और आरोपियों को वहां से सुरक्षित ले गई.
पुलिस के मुताबिक, मृतक किशोर के खिलाफ पहले से भी कुछ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि इस हत्याकांड की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है. फरार आरोपियों की तलाश जारी है और हत्या में इस्तेमाल हथियारों के साथ-साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं. बीच सड़क पर हुई इस हत्या ने पुणे के कात्रज इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया. अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह सिर्फ पुरानी रंजिश का मामला था या इसके पीछे कोई और वजह भी थी.
श्रीकृष्ण पांचाल