महाराष्ट्र के नागपुर से दर्दनाक घटना सामने आई है. जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा है. बेटी की शादी की तैयारियों में जुटी एक मां सड़क हादसे का शिकार हो गई. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया.
यह हादसा नागपुर के पांचपावली थाना क्षेत्र के वैशाली नगर इलाके में हुआ. मृतका की पहचान 43 वर्षीय केसर शरणागत के रूप में हुई है. केसर अपने पति के साथ एटीएम से पैसे निकालने गई थीं. बेटी की शादी महज दस दिन बाद होने वाली थी, इसलिए घर में तैयारियां जोरों पर थीं.
यह भी पढ़ें: जबलपुर के बरगी डैम में बड़ा हादसा: 30 पर्यटकों से भरा क्रूज डूबा, 6 शव बरामद, कई लापता, रेस्क्यू जारी
एटीएम से लौटते समय अचानक एक तेज रफ्तार टेंपो गलत दिशा से आया. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि टेंपो ने पहले एक अन्य वाहन को टक्कर मारी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पास से गुजर रही केसर उसकी चपेट में आ गईं. वह सड़क पर गिर पड़ीं और टेंपो ने उन्हें कुचल दिया. उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
जिस महिला के हाथों में बेटी की शादी की तैयारियों की सूची थी, वह कुछ ही सेकंड में दुनिया छोड़ गई. परिवार को इस हादसे ने पूरी तरह तोड़ दिया है. जिस घर में मेहमानों के स्वागत की तैयारी हो रही थी, वहां अब रोने-बिलखने की आवाजें गूंज रही हैं. कुछ सेकंड की गलती ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी टेंपो चालक भास्कर राऊत को गिरफ्तार कर लिया है. पांचपावली पुलिस थाने के अधिकारियों के मुताबिक, चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है
योगेश पांडे