'बार-बार यहां चक्कर क्यों काट रहे हो?' यह पूछने पर हो गई SRPF जवान की हत्या, बेटी को बचाने की कीमत जान देकर चुकाई

नागपुर के वानाडोंगरी इलाके में अपनी बेटी की सुरक्षा के लिए आवाज उठाना एक SRPF जवान को भारी पड़ गया. मनचले युवक और उसके साथियों ने मिलकर बीच सड़क पर लोहे की रॉड से हमला कर जवान की बेरहमी से हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है.

Advertisement
नागपुर में सिरफिरे ने ली सुरक्षा बल के जवान की जान.(Photo:Screengrab) नागपुर में सिरफिरे ने ली सुरक्षा बल के जवान की जान.(Photo:Screengrab)

योगेश पांडे

  • नागपुर,
  • 03 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 6:58 PM IST

नागपुर शहर में सामने आई एक घटना से इलाके में तनाव बढ़ गया है. घर के पास संदिग्ध रूप से बार-बार चक्कर लगाने वाले युवक से सवाल पूछने पर विवाद हुआ और SRPF जवान की निर्मम हत्या कर दी गई. पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

एमआईडीसी थाना इलाके का यह मामला है. नागपुर के वानाडोंगरी में रहने वाले पंकज ठाकुर की बेटी का आकाश मंडल नामक युवक पीछा कर रहा था और उनके घर के पास बार-बार चक्कर लगा रहा था. यह बात बेटी ने अपने पिता को बताई, जिसके बाद पंकज ठाकुर ने उससे पूछा, ''बार-बार यहां चक्कर क्यों लगा रहे हो?'' 

Advertisement

इसके बाद गुरुवार को आरोपी आकाश फिर ठाकुर की बेटी से बात करने की कोशिश करता हुआ दिखाई दिया, जिससे दोनों के बीच विवाद हुआ. कुछ समय बाद आरोपी वहां से चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद वह अपने भाई हर्षित मंडल और अन्य साथियों को लेकर वापस आया और पंकज ठाकुर पर अचानक हमला कर दिया.

इस दौरान ठाकुर के साथ मौजूद रिश्तेदारों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की. झड़प के दौरान आकाश मंडल ने लोहे की रॉड से ठाकुर पर जोरदार वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.

उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस हमले में ठाकुर के कुछ रिश्तेदार भी घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है. देखें VIDEO:- 

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही एमआईडीसी पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आकाश मंडल और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है.

अन्य आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. साथ ही इस घटना के पीछे के कारणों और अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement