पिस्टल तानकर ज्वेलरी शॉप लूटी... बदमाशों की बाइक से लटक गया कर्मचारी, सन्न कर देगा नागपुर का ये वीडियो

नागपुर में शनिवार दोपहर ज्वेलरी शॉप में लूट की ऐसी वारदात सामने आई, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया. बाइक से आए बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर दुकान से जेवरात लूट लिए. जब वे भागने लगे तो दुकान के कर्मचारी ने बाइक पकड़ ली. बदमाशों ने बाइक रोकने के बजाय उन्हें कुछ दूर तक सड़क पर घसीट दिया. पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है.

Advertisement
नागपुर में दिनदहाड़े लूट ली ज्वेलरी शॉप. (Photo: Screengrab) नागपुर में दिनदहाड़े लूट ली ज्वेलरी शॉप. (Photo: Screengrab)

योगेश पांडे

  • नागपुर,
  • 04 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:41 PM IST

महाराष्ट्र के नागपुर में एक ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई. बाइक से आए बदमाशों ने दुकान में घुसकर कर्मचारी पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी देकर सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए. इसके बाद आरोपी बाइक से फरार होने लगे. दुकान के कर्मचारी शुभम हाडगे ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की. शुभम ने भाग रहे लुटेरों की बाइक पकड़ ली. बदमाशों ने बाइक रोकने के बजाय शुभम को कुछ दूर तक घसीट दिया. गंभीर चोट लगने के बाद बाइक छोड़नी पड़ी. आसपास के लोगों ने चीख-पुकार सुनी और मौके पर पहुंचकर शुभम को अस्पताल पहुंचाया.

Advertisement

पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस अब इसी फुटेज और दूसरे सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है. यह मामला नागपुर के एमआईडीसी थाना क्षेत्र के वानाडोंगरी इलाके का है. पुलिस के मुताबिक, महाजनवाड़ी स्थित दुकान में शनिवार दोपहर करीब चार बजे शुभम हाडगे काम कर रहा था. इसी दौरान बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे.

यहां देखें Video

आरोप है कि बदमाश दुकान के अंदर दाखिल हुए और शुभम पर पिस्टल तान दी. इसके बाद उसके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई. बदमाशों ने दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवरात निकाले और उन्हें एक बैग में भरना शुरू कर दिया. कुछ ही देर में लूटपाट पूरी की और आरोपी दुकान से बाहर निकल गए.

यह भी पढ़ें: हापुड़ में फिल्मी अंदाज में मुठभेड़, कपड़ों से भरा ट्रक लूटकर जा रहे थे बदमाश, पुलिस के रोकने पर चला दी गोलियां, फिर....

Advertisement

इसके बाद दोनों बाइक पर सवार होकर भागने लगे. शुभम ने रोकने की कोशिश की. बदमाशों की बाइक पकड़ ली. बाइक आगे बढ़ती रही और शुभम उसके साथ घिसटता गया. कुछ दूर तक सड़क पर घसीटे जाने के बाद गंभीर चोटें आईं. आखिरकार बाइक छोड़नी पड़ी. आसपास के लोगों ने शुभम को अस्पताल पहुंचाया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में पिस्टल दिखाकर लूट और उसके बाद कर्मचारी को बाइक से घसीटे जाने की खबर फैलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और CCTV फुटेज चेक किया. फिलहाल लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों की कुल कीमत कितनी है, इसकी जानकारी पुलिस की जांच के बाद सामने आएगी.

पुलिस आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश कर रही है. CCTV फुटेज में कैद घटनाक्रम से पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है. इस वारदात ने नागपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में लगी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »