मुंबई में डकैती की वारदात के दौरान एक महिला की हत्या कर दी गई. ताड़देव में तीन लोगों ने एक घर में घुसकर बुजुर्ग दंपत्ति के हाथ-पैर बांध दिए और उनके घर से सोने के गहने लूट लिए. आरोपियों ने बुजुर्ग दंपत्ति के मुंह पर सेलोटेप (चिपकने वाला टेप) लगा दिया था. लूट की इस घटना के दौरान महिला की मौत हो गई.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मदन मोहन अग्रवाल (75) सुबह 6.30 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकल रहे थे, तभी तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें उनके घर के अंदर धकेल दिया.
घर में अग्रवाल की पत्नी सुरेखा (70) भी थीं. दम्पति अधिकतर अकेले रहते थे. इन तीनों लोगों ने बुजुर्ग दंपत्ति के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और उनके मुंह पर सेलोटेप चिपका दिया.
पुलिस अधिकारी ने खुलासा किया कि दोनों को बांधने के बाद तीनों आरोपी लुटेरे घर से सोने के गहने और अन्य कीमती सामान लेकर चले गए. मदन मोहन अग्रवाल ने हाथ-पैर बंधे होने के कारण किसी तरह दरवाजा खोला और पड़ोसी को बुलाया, जिसने तुरंत ताड़देव पुलिस को सूचित किया.
पुलिस मौके पर पहुंची और पति-पत्नी को नायर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने सुरेखा को मृत घोषित कर दिया.
सौरभ वक्तानिया