मुंबई में सफाई व्यवस्था से नाराज एक पुजारी ने विरोध जताने के लिए ऐसा कदम उठाया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाना पड़ गया. सायन-कोलीवाड़ा इलाके में हनुमान मंदिर के पुजारी ललतुन झा पीपल के पेड़ पर चढ़ गए. वह पेड़ के नीचे लगातार कचरा जमा होने और शिकायतों के बावजूद सफाई नहीं किए जाने से नाराज थे. उनका यह विरोध करीब 45 मिनट तक चला.
इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया. यह पूरा मामला बीएमसी के एफ/नॉर्थ वार्ड से जुड़ा है. पुजारी ललतुन झा का आरोप है कि स्थानीय लोग और कचरा कर्मचारी नियमित रूप से पवित्र पीपल के पेड़ के नीचे कचरा डालते हैं.
इसके चलते पेड़ के आसपास लगातार गंदगी जमा होती रहती है. उनका कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन इसके बावजूद सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ. प्रशासन की कथित अनदेखी से परेशान होकर उन्होंने विरोध का यह तरीका अपनाया.
पेड़ पर चढ़कर जताई नाराजगी
पुजारी का कहना था कि पीपल के पेड़ के नीचे लगातार कचरा फेंका जा रहा है, लेकिन इस तरफ किसी का ध्यान नहीं जा रहा. कई बार शिकायत करने के बाद भी जब सफाई नहीं हुई तो वह पेड़ पर चढ़ गए. इस तरह उन्होंने बीएमसी के एफ/नॉर्थ वार्ड प्रशासन और स्थानीय लोगों का ध्यान इस समस्या की ओर खींचने की कोशिश की.
पुलिस और फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ा
पुजारी के पेड़ पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. इसके बाद एंटॉप हिल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. पुजारी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पेड़ के नीचे सेफ्टी नेट लगाया गया, ताकि नीचे उतरते समय कोई अनहोनी न हो.
करीब 45 मिनट तक चले इस घटना के बाद पुजारी ललतुन झा सुरक्षित नीचे उतर आए. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों और राहत टीम ने राहत की सांस ली. फिलहाल एंटॉप हिल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है. वहीं, इस घटना ने इलाके की सफाई व्यवस्था और पीपल के पेड़ के नीचे लगातार कचरा जमा होने की समस्या को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है.
दीपेश त्रिपाठी