मुंबई में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो किन्नरों को हिरासत में लिया है. वायरल वीडियो में दोनों एक यात्री के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे थे. मामले की जांच के बाद दोनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सरकारी रेलवे पुलिस को सौंप दिया गया है.
जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था. वीडियो में दो किन्नर एक यात्री के साथ मारपीट करते नजर आ रहे थे. वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की.
जांच के दौरान अधिकारियों ने सबसे पहले संबंधित इलाके के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया. इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ा दी गई. लगातार निगरानी के दौरान दोनों किन्नर दादर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 12 पर मिले. इसके बाद उन्हें रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट दादर लाया गया.
चलती ट्रेन में किन्नरों ने युवक को पीटा
पूछताछ में दोनों ने बताया कि माहिम और बांद्रा के बीच चल रही लोकल ट्रेन में पैसे मांगने के दौरान एक यात्री से उनका विवाद हो गया था. इसी विवाद के बाद मारपीट की घटना हुई. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सरकारी रेलवे पुलिस, मुंबई सेंट्रल के अधिकार क्षेत्र की थी. इसलिए दोनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी मुंबई सेंट्रल को सौंप दिया गया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
जीआरपी मुंबई सेंट्रल ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पूछताछ के दौरान दोनों किन्नरों ने अपने कृत्य पर खेद व्यक्त किया और माफी भी मांगी. रेलवे प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा और सम्मानजनक यात्रा सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है. प्रशासन का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर भविष्य में भी त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित माहौल मिल सके.
दीपेश त्रिपाठी