मालदीव में 19 मार्च को हुए स्पीडबोट हादसे में भारतीय उद्योगपति गौतम सिंघानिया बाल-बाल बच गए, जबकि एक भारतीय नागरिक अब भी लापता है. इस हादसे को लेकर मालदीव पुलिस सेवा ने विस्तृत जानकारी साझा की है. पुलिस के मुख्य प्रवक्ता अहमद शिफान के अनुसार, यह हादसा 19 मार्च की रात करीब 1:45 बजे वावू फेलिधू इलाके में हुआ. 'टीटी अशेना' नाम की यॉट से जुड़ी एक हाई-स्पीड बोट पलट गई थी, जिसमें कुल 7 लोग सवार थे. जिनमें 5 भारतीय पुरुष, एक ब्रिटिश महिला और एक रूसी महिला सवार थे.
कैसी है गौतम सिंघानिया की हालत?
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद गौतम सिंघानिया को मामूली चोटें आई थीं और उन्हें इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके चेहरे और हाथों पर कुल छह घाव थे. यह भी दावा किया गया कि हादसे के वक्त वही स्पीडबोट चला रहे थे.
घायलों और लापता की स्थिति
एक रूसी महिला और एक भारतीय पुरुष का इलाज ट्री टॉप हॉस्पिटल में जारी है. एक भारतीय पुरुष और एक ब्रिटिश महिला को 20 मार्च को इलाज के लिए भारत भेजा गया. एक भारतीय नागरिक अब भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है.
संभावित मृतकों को लेकर दावा
सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में पी वी सिंधु ने इस हादसे में दो हस्तियों के निधन की आशंका जताई है, जिनमें पूर्व नौसेना कमांडर और अर्जुन पुरस्कार विजेता महेश रामचंद्रन और मोटरस्पोर्ट से जुड़े हरी सिंह शामिल हैं. हालांकि, इनकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है.
क्या रही हादसे की वजह ?
मालदीव मीडिया के मुताबिक, हादसे में शामिल नाव 'सिगरेट रेसिंग बोट' थी, जो बेहद तेज रफ्तार के लिए जानी जाती है. कुछ रिपोर्ट्स में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
इंडिया टुडे की ओर से ट्री टॉप हॉस्पिटल से संपर्क करने पर अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की स्थिति पर कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया.
क्या बोले सिंघानिया के प्रवक्ता?
गौतम सिंघानिया के प्रवक्ता ने कहा कि हादसे को लेकर सोशल मीडिया पर कई भ्रामक और गैर-जिम्मेदाराना दावे किए जा रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि सिंघानिया की हालत में सुधार हो रहा है और वे सर्च ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं. मालदीव पुलिस सेवा ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लापता भारतीय की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है.
शालू अवस्थी / दिव्येश सिंह