महाराष्ट्र के परभणी में बड़ा हादसा, मंदिर की छत गिरने से 6 श्रद्धालुओं की मौत

महाराष्ट्र के परभणी जिले में स्थित यशवाड़ी मारुति मंदिर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया. मंदिर के सामने बना सभा मंडप अचानक गिरने से अफरा-तफरी मच गई. मलबे में 30 से 40 लोगों के फंस गए.

Advertisement
महाराष्ट्र के परभणी जिले में स्थित यशवाड़ी मारुति मंदिर में सभा मंडप की छत गिरने से कई लोग मलबे में दब गए. (Photo: ITG) महाराष्ट्र के परभणी जिले में स्थित यशवाड़ी मारुति मंदिर में सभा मंडप की छत गिरने से कई लोग मलबे में दब गए. (Photo: ITG)

aajtak.in

  • परभणी,
  • 20 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:38 PM IST

महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया. मानवत तालुका के प्रसिद्ध यशवाड़ी मारुति मंदिर परिसर में निर्माणाधीन सभामंडप का पत्थर का खंभा अचानक गिर जाने से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई.

जानकारी के मुताबिक, मंदिर में सभामंडप का निर्माण कार्य चल रहा था. शनिवार होने की वजह से मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी. इसी दौरान निर्माणाधीन पत्थर संरचना अचानक भरभराकर गिर गई और कई लोग उसके नीचे दब गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी.

Advertisement

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे. कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. बचाव अभियान शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच पूरा कर लिया गया. घायलों को इलाज के लिए परभणी, नांदेड़ और आरपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने की बात कही है.

हादसे में मृतकों की पहचान संतोष सर्जेराव गडदे (निवासी गडदे पांगरा), आकाश सुरदुसे (परभणी), मुनेश रामबिलास अग्रवाल (निवासी जिंतूर, परभणी), सुरज बाबासाहेब पोपटकर (निवासी इटोली, परभणी) के रूप में हुई है. एक मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, जिसकी उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है. छठे मृतक की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.

Advertisement

घायलों में दादाराव रानोजी भांगे, रामकृष्ण नागोराव बादाडे, परमेश्वर पुंडलिक राऊत, सौरभ गजानन कोथाळकर, केशव गिरी, प्रवीण रघुनाथ हलगे, गणेश ईकर, ओमकार मारुती कोपरकर, रामेश्वर रामकिशन गोंडे, रामा वेंकटराव होगे, अनिकेत संतोष गडदे, हनुमंत लिपणे, प्रवीण प्रकाश राजबिंडे, नारायण दौलत खरात, ऋषिकेश कोपरटकर, श्रीकृष्ण रुस्तुम भोसले (10), अभिषेक कृष्णा वाघमारे (19) और भरत रामचंद्र कळसाईतकर (20) शामिल हैं. प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

 

मोदी और फडणवीस ने घटना पर जताया दुख

प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र के परभणी में हुई घटना पर दुख प्रकट किया. उन्होंने कहा, 'इस हादसे में लोगों की मौत बेहद दुखद है. जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द स्वस्थ हों.'

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताया. उन्होंने X पर पोस्ट किया, 'परभणी जिले के यशवाड़ी में स्थित हनुमान मंदिर में निर्माणाधीन छत का एक हिस्सा गिरने से कुछ श्रद्धालुओं की दुखद मृत्यु हो गई. मैं दिवंगत श्रद्धालुओं को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. इस दुख की घड़ी में हम उनके परिजनों के साथ खड़े हैं. हादसे में घायल हुए लोगों का उपचार जारी है. स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है.' (इनपुट: दिलीप माने)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »