Dominos के आउटलेट समेत 11 दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड, महाराष्ट्र में FDA का बड़ा एक्शन

महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर FDA ने Domino's Pizza के दो आउटलेट समेत 11 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं. 21 और 22 अक्टूबर को हुई जांच में गंदे किचन, जंग लगे बर्तन, खाद्य सामग्री के गलत रखरखाव और अन्य खामियां मिलीं.

Advertisement
बीड में डोमिनोज पिज्जा के एक आउटलेट पर कार्रवाई की गई (Photo- Representational) बीड में डोमिनोज पिज्जा के एक आउटलेट पर कार्रवाई की गई (Photo- Representational)

aajtak.in

  • मुंबई,
  • 22 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:26 PM IST

महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है. विभाग ने Domino's Pizza के दो आउटलेट समेत 11 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं. इसके अलावा, राज्यभर में चलाए गए जांच अभियान के दौरान करीब 38 टन खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी कीमत 54.66 लाख रुपये बताई गई है.

एफडीए की ओर से गुरुवार को जारी बयान के मुताबिक, 21 और 22 अक्टूबर को किए गए निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर खामियां मिलीं. इनमें गंदे किचन और ड्रेनेज सिस्टम, जंग लगे रैक और बर्तन, लौटाई गई ब्रेड को ताजा स्टॉक में मिलाना, तापमान का अधूरा रिकॉर्ड रखना और कर्मचारियों के पास मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं होना शामिल है. कुछ जगहों पर मिठाइयों में बिना अनुमति वाले रंगों का इस्तेमाल भी पाया गया.

Advertisement

मुंबई में 9 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

एफडीए ने मुंबई में नौ प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड किए हैं. इनमें भांडुप वेस्ट स्थित डिमोनोज पिज्जा आउटलेट के अलावा मझगांव की एसके बेकरी, ग्रांट रोड का नेकजाद रेस्टॉरेंट, बांद्रा वेस्ट का फूडीज मल्टी कुशिन, जोगेश्वरी वेस्ट का अरेबियन लुकमा, कुर्ला वेस्ट का दिल्ली जायक, घाटकोपर वेस्ट के आर सिटी मॉल में स्थित यू-मी और गोवंडी का बिकगाने बिरयानी शामिल हैं.

इसके अलावा, बीड में डोमिनोज पिज्जा के एक आउटलेट और परभणी के रहमत नगर स्थित केके बेकर्स के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है. विभाग ने खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत ये कदम उठाए हैं.

नवी मुंबई में 50 लाख रुपये का स्टॉक जब्त

जांच के दौरान सबसे ज्यादा खाद्य सामग्री कोंकण डिवीजन में जब्त की गई. नवी मुंबई की आरडीसी एग्रो वेंचर प्राइवेट लिमिटेड से 33,286 किलो राजमा और दालें जब्त की गईं. इनकी कीमत करीब 50.05 लाख रुपये है. एफडीए को यह स्टॉक घटिया गुणवत्ता का और गलत लेबल वाला होने का संदेह था.

Advertisement

नासिक डिवीजन में करीब 1.70 लाख रुपये की 483.4 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई. इसमें रिफाइंड सोयाबीन तेल, मक्खन, घी, पीली सेव और पापड़ी शामिल हैं. एक प्रतिष्ठान में जांच के दौरान काम करने वाली प्रयोगशाला, तकनीकी कर्मचारी और खाद्य विश्लेषण रिपोर्ट जैसी जरूरी व्यवस्थाओं की कमी भी सामने आई.

वहीं, छत्रपति संभाजीनगर डिवीजन में औरंगाबाद कोल्ड स्टोरेज एलएलपी से 4,222 किलो गुड़ और सौंफ जब्त की गई. इसकी कीमत करीब 2.91 लाख रुपये बताई गई है. एफडीए के मुताबिक, पूरे महाराष्ट्र में कुल 37,991.4 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई है. विभाग ने खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान चलाया था.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »