मुंबई की उपनगरीय लोकल ट्रेन में जान जोखिम में डालकर सफर करने का एक और चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, दिवा–सीएसएमटी लोकल के दरवाजे से लटककर यात्रा कर रही एक महिला बाल-बाल बच गई. चलती ट्रेन के दौरान उसकी साड़ी रेलवे पुल के खंभे से रगड़ खा गई. अगर कुछ सेकंड का भी फर्क होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद एक बार फिर मुंबई लोकल में यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.
वीडियो में एक महिला भीड़ के कारण लोकल ट्रेन के दरवाजे से लटककर सफर करती दिखाई दे रही है, ट्रेन तेज रफ्तार में आगे बढ़ रही थी, तभी उसकी साड़ी रेलवे पुल के खंभे से छू गई. कुछ पल के लिए वहां मौजूद यात्रियों की सांसें थम गईं. हालांकि, किस्मत से महिला सुरक्षित बच गई और बड़ा हादसा टल गया. देखें VIDEO:-
रेलवे प्रशासन लगातार यात्रियों से अपील करता रहा है कि वे चलती ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर या लटककर सफर न करें. लेकिन मुंबई लोकल में अत्यधिक भीड़ के कारण कई यात्री मजबूरी में अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रा करते हैं.
खासकर सुबह और शाम के पीक ऑवर्स में भीड़ इतनी अधिक होती है कि हर साल कई लोग रेल हादसों का शिकार हो जाते हैं, जबकि अनेक यात्री गंभीर रूप से घायल होते हैं.
यात्री संगठन लंबे समय से लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और भीड़ कम करने की मांग कर रहे हैं. यह वायरल वीडियो सिर्फ एक सनसनीखेज घटना नहीं, बल्कि मुंबई लोकल में यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक गंभीर चेतावनी और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल बनकर सामने आया है.
मिथिलेश गुप्ता