'सर तन से जुदा' गाने पर डांस, स्क्रीन पर पाकिस्तानी की तस्वीर... महाराष्ट्र के स्कूल का वीडियो वायरल, 4 लोगों पर FIR

एक स्कूल का सालाना कार्यक्रम, छात्रों की प्रस्तुति और अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो. महाराष्ट्र के जालना में इसी वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने 'सर तन से जुदा' गाने पर परफॉर्म किया. स्क्रीन पर पाकिस्तानी की तस्वीर दिखाई गई. पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से जुड़े चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
पुलिस ने स्कूल के अध्यक्ष, मुख्य अध्यापक, टीचर और प्रोग्राम की एंकर के खिलाफ दर्ज किया केस. (Photo: Screengrab) पुलिस ने स्कूल के अध्यक्ष, मुख्य अध्यापक, टीचर और प्रोग्राम की एंकर के खिलाफ दर्ज किया केस. (Photo: Screengrab)

गौरव विजय साली

  • जालना,
  • 19 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:33 PM IST

महाराष्ट्र के जालना जिले में एक स्कूल के वार्षिक समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो में कुछ छात्र मंच पर प्रस्तुति देते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद विवाद शुरू हुआ, शिकायतें हुईं और अब पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से जुड़े तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. मामला परतूर इलाके के एक प्राइवेट स्कूल से जुड़ा है. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है.

Advertisement

दरअसल, ये पूरा मामला जालना जिले के परतूर शहर में स्थित एक प्राइवेट स्कूल का है. स्कूल में 22 फरवरी 2025 को वार्षिक समारोह हुआ था, जिसका वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. इस वायरल वीडियो में कुछ छात्र हाथों में नकली तलवारें लेकर एक गीत पर डांस परफॉर्म करते दिखाई दे रहे हैं.

आरोप है कि इस गीत में बार-बार 'सर तन से जुदा' जैसे शब्द सुनाई दे रहे हैं. इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बवाल मच गया और शिकायत की गई. इसी के साथ मामले में कार्रवाई की मांग उठी थी. पुलिस ने जो एफआईआर दर्ज की है, उसके अनुसार, जांच में सामने आया कि वीडियो स्कूल के अध्यक्ष और मुख्य अध्यापक द्वारा तैयार किया गया था. वहीं कार्यक्रम में बजाया गया गीत शिक्षक ने चुना था और डांस प्रैक्टिस भी कराई जाएगी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: पानीपत: महिला टीचर ने क्लास में बच्चों से पढ़वाया कलमा, पेरेंट्स भड़के तो स्कूल ने शिक्षिका को किया बर्खास्त

शिकायत में यह भी कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शित वीडियो में पाकिस्तान के कट्टरपंथी मुमताज कादरी की तस्वीर भी दिखाई गई थी. इसके अलावा कार्यक्रम की एंकरिंग कर रही महिला द्वारा भी मंच से विवादित नारे दोहराए जाने का आरोप लगाया गया है. 

एफआईआर में कहा गया है कि कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को हिंसात्मक संदेश दिया गया. इसी के साथ वहां मौजूद लोगों के मन में ऐसी विचारधारा को बढ़ावा देने की कोशिश की गई. इसी आधार पर परतूर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस जांच कर रही है.

भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बबनराव लोणीकर ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे, जालना जिला प्रशासन और संभाजीनगर विभागीय आयुक्त को पत्र लिखकर मामले की जांच की मांग की थी.

लोणीकर ने पत्र में कहा था कि शैक्षणिक संस्थाएं बच्चों में राष्ट्रभक्ति, संवैधानिक मूल्य और सामाजिक समरसता विकसित करने का माध्यम होती हैं, ऐसे में अगर किसी स्कूल के कार्यक्रम में हिंसा को महिमामंडित करने वाले गीत, तलवारों का प्रदर्शन या विवादित व्यक्तियों की तस्वीरें दिखाई जाती हैं, तो यह बेहद गंभीर विषय है.

Advertisement

उन्होंने मांग की थी कि इस मामले में जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कारवाई की जाए. आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और स्कूल की मान्यता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाए. साथ ही राज्य सरकार सभी शैक्षणिक संस्थाओं के लिए ऐसे मामलों को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी करे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »