मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार से महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार(6 नवंबर) को मुलाकात की. शिंदे ने अस्पताल पहुंचकर शरद पवार का हालचाल जाना और उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली.
मुलाकात के बाद एकनाथ शिंदे ने कहा कि वह शरद पवार की तबीयत जानने के लिए अस्पताल पहुंचे थे. उन्होंने बताया कि दोनों के बीच स्वास्थ्य को लेकर अच्छी बातचीत हुई और अब शरद पवार बिल्कुल ठीक हैं. डॉक्टरों ने भी उनके सभी हेल्थ पैरामीटर सामान्य बताए हैं और चिंता की कोई बात नहीं है. शिंदे के मुताबिक, शरद पवार को शनिवार को अस्पताल से छुट्टी भी मिल सकती है.
एकनाथ शिंदे ने कहा कि अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद शरद पवार ने किसानों और सूखे से प्रभावित लोगों की स्थिति पर चर्चा की. दोनों के बीच सतारा और महाबलेश्वर के गांवों में पानी की समस्या, किसानों की मौजूदा स्थिति और महाराष्ट्र के हालात को लेकर भी बातचीत हुई.
शरद पवार का हालचाल जानना था
शिंदे ने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि अस्पताल में होने के बावजूद शरद पवार ने किसानों की समस्याओं और उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर ध्यान दिया. उन्होंने कहा कि शरद पवार के साथ उनका रिश्ता सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं है. शिंदे ने यह भी साफ किया कि वह आज किसी राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा करने नहीं गए थे और उनका मकसद सिर्फ शरद पवार का हालचाल जानना था.
शरद पवार की तबीयत में सुधार
मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार की तबीयत में सुधार हो रहा है. अस्पताल के डिप्टी कोऑर्डिनेटर प्रतीत समदानी ने शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए कहा कि उनकी हालत पहले से बेहतर है. प्रतीत समदानी ने बताया कि शरद पवार का इलाज जारी है और वह इलाज को अच्छा रिस्पॉन्स दे रहे हैं. अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है. इससे पहले शरद पवार को 2 नवंबर को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था. बुधवार को उन्हें वहां से छुट्टी मिलने के बाद आगे की जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
दिव्येश सिंह