मुंबई की लोकल ट्रेनों में रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. अब सफर के दौरान उमस भरी गर्मी नहीं सताएगी. दरअसल, यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए सेंट्रल रेलवे ने मेन लाइन पर 12 और नॉन-एसी लोकल ट्रेनों को AC लोकल में बदलने का फैसला किया है.
सेंट्रल रेलवे के मुताबिक, 29 जून (सोमवार) से 12 नॉन-AC लोकल ट्रेनों को एयर-कंडीशंड (AC) लोकल ट्रेनों से बदल दिया जाएगा. इस बदलाव के बाद सेंट्रल रेलवे के नेटवर्क पर कुल AC ट्रेनें 120 हो जाएंगी.
रेलवे ने हाल ही में जानकारी दी थी कि बढ़ती भीड़ और यात्रियों की AC ट्रेनों की मांग को देखते हुए यह फैसला किया गया है. बता दें कि कुल ट्रेनों की संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा. सिर्फ पुरानी नॉन-AC ट्रेनों की जगह नई AC लोकल ट्रेनें चलेंगी.
कितनी AC ट्रेनें बढ़ेंगी?
इन 12 नई AC ट्रेनों में 6 अप और 6 डाउन दिशा की ओर चलेंगी. इनमें पीक आवर्स की महत्वपूर्ण ट्रेनें भी शामिल हैं. नई एसी लोकल ट्रेनें टिटवाला, कल्याण, ठाणे, घाटकोपर, कुर्ला और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) के बीच संचालित होंगी.
सोमवार से शनिवार तक ये ट्रेनें AC रेक (बोगियों) से चलेंगी लेकिन रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिन इन्हें नॉन-एसी रेक से चलाया जाएगा. रेलवे का कहना है कि इस फैसले से यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी और AC लोकल की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी.
सेंट्रल रेलवे के इस कदम से गर्मी के मौसम में AC ट्रेन में यात्रा करना आरामदायक होगा. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए आगे भी ऐसी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी.
aajtak.in