महाराष्ट्र के बीड जिले के उमापुर गांव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ही महिला को अलग-अलग पुरुषों से शादी कराकर ठगी करने वाले एक गिरोह का खुलासा हुआ है. इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. पीड़ित योगेश शिंदे ने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है. उनके अनुसार, वह और उनका परिवार उनके लिए दुल्हन की तलाश कर रहा था. इसी दौरान एक स्थानीय शादी कराने वाला एजेंट उनके संपर्क में आया और उसने एक लड़की का रिश्ता दिखाया. एजेंट ने इस शादी के लिए 3.5 लाख रुपये की मांग की.
बताया जा रहा है कि बातचीत के बाद योगेश शिंदे के परिवार ने 3 लाख रुपये देने पर सहमति जताई. इसमें से 1 लाख रुपये नकद और 2 लाख रुपये डिजिटल ट्रांसफर के जरिए दिए गए. पैसे मिलने के तीन दिन बाद एजेंट लड़की को लेकर आया और पास के एक मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई. शादी के लगभग एक महीने बाद पीड़ित को एक महिला से मिलवाया गया, जिसे लड़की की मां बताया गया था. बाद में पता चला कि वह महिला भी इस गिरोह का हिस्सा थी और खुद को झूठा रिश्तेदार बताकर धोखाधड़ी कर रही थी.
लुटेरी दुल्हन पहले भी आठ लोगों को बना चुकी है शिकार
पीड़ित के अनुसार, शादी के दो महीने के भीतर ही महिला अचानक घर से फरार हो गई. जाते समय वह घर से करीब 6 ग्राम सोना और 80 हजार रुपये नकद लेकर चली गई. इसके बाद जब पीड़ित ने जांच की, तो उसे पता चला कि यह कोई सामान्य मामला नहीं है, बल्कि एक संगठित ठगी का हिस्सा है.
शिकायत में बताया गया है कि यही महिला पहले भी आठ अलग-अलग पुरुषों से शादी कर चुकी थी और हर बार इसी तरह पैसे लेकर फरार हो जाती थी. यानी यह उसकी नौवीं शादी थी, जिसके जरिए एक और व्यक्ति को ठगा गया. पीड़ित योगेश शिंदे ने बताया कि इस पूरी घटना में उन्हें करीब 9 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. इसमें शादी के खर्चे और घर से चोरी हुए सामान की कीमत भी शामिल है. उन्होंने कहा कि इस ठगी के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गए हैं और आत्महत्या जैसे विचार आने लगे हैं.
इस मामले में बीड के चाकलांबा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. पीड़ित ने न्याय की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक से भी संपर्क किया है और पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. बताया जा रहा है कि यह गिरोह साल 2023 से सक्रिय है और ग्रामीण इलाकों के लोगों को निशाना बना रहा है. शादी के नाम पर भरोसा जीतकर यह गिरोह लोगों से पैसे लेता है और फिर महिला को फरार करवा देता है.
पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
इस घटना ने एक बार फिर यह दिखाया है कि शादी जैसे पवित्र रिश्ते को भी कुछ लोग ठगी का जरिया बना रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.
ओमकार