झारखंड के बोकारो में एक युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी. उसके परिजनों ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की. पुलिस ने तलाश शुरू की तो युवती को उसके प्रेमी के साथ रांची से पकड़ लिया. इस दौरान प्रेमी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इसी के बाद युवती प्रेमी को रिहा करने की मांग करते हुए मोबाइल टावर पर जाकर चढ़ गई. लोगों ने देखा पूरे गांव में हड़कंप मच गया.
ये कहानी झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र की है. मंगलवार को यहां उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी की रिहाई की डिमांड करते हुए मोबाइल टावर पर चढ़ गई. युवती ललपनिया पंचायत के तिलैया गांव की रहने वाली है. दरअसल, वह अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी. इसी के बाद से शिकायत मिलने पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.
चार दिन पहले पुलिस ने युवती और उसके प्रेमी को रांची से बरामद किया था. इसके बाद युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. बस इसी बात से युवती नाराज थी. वह अपने प्रेमी को छोड़ देने की मांग को लेकर ढेंढे गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई. लोगों ने जब देखा तो पूरे गांव में खबर फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया.
भीड़ में मौजूद कई लोग मोबाइल कैमरे से तस्वीरें लेने लगे और वीडियो बनाना शुरू कर दिया. देखते ही देखते मौके पर गांव के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. कई लोगों ने आवाज देकर युवती से नीचे उतर आने को कहा, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थी. युवती अपने प्रेमी की रिहाई की मांग पर अड़ी हुई थी.
लोगों ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी. आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को समझाना शुरू किया. बेरमो अनुमंडल के एसडीपीओ रबिन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस पहुंची थी. प्रशासनिक अधिकारी भी टावर के पास पहुंच चुके थे. अधिकारियों ने युवती को सुरक्षित तरीके से नीचे उतारने के लिए कोशिश शुरू की. यह खबर लिखे जाने तक लोगों की भीड़ के बीच पुलिस अधिकारी युवती को समझाने में लगे हुए थे. वहीं युवती की डिमांड थी कि पहले उसके प्रेमी को रिहा किया जाए, इसी के बाद वह टावर से नीचे उतरेगी.
संजय कुमार