प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंजाम! परिवार के सामने युवक की पीट-पीटकर हत्या

झारखंड के कोडरमा जिले के प्रेम नगर गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर 30 वर्षीय अनीश सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात 6 लोग उसके घर पहुंचे और परिवार के सामने उसकी बेरहमी से पिटाई की. गंभीर रूप से घायल अनीश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement
कोडरमा में युवक की हत्या से सनसनी. (Photo: Representational ) कोडरमा में युवक की हत्या से सनसनी. (Photo: Representational )

aajtak.in

  • कोडरमा,
  • 07 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:38 AM IST

झारखंड के कोडरमा जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक एजेंसी के मुताबिक घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार रात मरकच्चो थाना क्षेत्र के प्रेम नगर गांव में हुई. मृतक की पहचान 30 वर्षीय अनीश सिंह के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि प्रेम प्रसंग को लेकर कुछ लोगों का अनीश से विवाद चल रहा था. इसी सिलसिले में शुक्रवार रात छह लोग उसके घर पहुंचे.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने अनीश को उसके परिवार के सदस्यों के सामने ही घर से बाहर निकालकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. परिवार के लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनकी एक नहीं सुनी. मारपीट में अनीश गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कोडरमा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मरकच्चो थाना प्रभारी नंदकिशोर तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है.

Advertisement

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा.

इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »