झारखंड के धनबाद में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. आमतौर पर प्रेमी-प्रेमिका किसी तीसरे शख्स को रास्ते से हटाने की साजिश रचते हैं, लेकिन इस मामले में एक युवती ने अपने होने वाले पति के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की हत्या कर दी. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है.
मामला भौरा ओपी क्षेत्र का है, 31 मई 2026 को काली मेला स्थित दामोदर नदी तट के पास श्मशान घाट के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था. युवक की गला रेतकर हत्या की गई थी. बाद में उसकी पहचान बोर्रागढ़ होरलाडीह निवासी 24 वर्षीय दिलशाद अंसारी के रूप में हुई. घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
इस हत्याकांड ने दो परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया. दिलशाद और कोमल, दोनों की शादी अलग-अलग जगहों पर तय हो चुकी थी. दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन शादी की शहनाइयों से पहले ही यह प्रेम कहानी खूनी मोड़ पर पहुंच गई.
श्मशान घाट के पास मिला था युवक का गला कटा शव
सिंदरी डीएसपी पीसी महतो के अनुसार, हत्या के पीछे त्रिकोणीय प्रेम संबंध और शादी से पहले पैदा हुआ विवाद मुख्य वजह है. पुलिस जांच में सामने आया कि कोमल और दिलशाद के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध था. इसी दौरान कोमल की शादी झरिया निवासी रोशन के साथ तय हो गई.
पुलिस के मुताबिक, शादी तय होने के बाद कोमल दिलशाद से संबंध खत्म करना चाहती थी, लेकिन दिलशाद इसके लिए तैयार नहीं था. जांच में यह भी पता चला कि दिलशाद कथित तौर पर पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा था. इस कारण युवती मानसिक रूप से परेशान थी और दोनों के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था.
पुलिस का कहना है कि इसी विवाद से छुटकारा पाने के लिए कोमल ने अपने मंगेतर रोशन के साथ मिलकर दिलशाद की हत्या की साजिश रची. योजना के तहत दिलशाद को काली मेला श्मशान घाट के पास बुलाया गया. वहां पहले उसे शराब पिलाई गई. इसके बाद धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए.
पुलिस ने आरोपी युवती को किया गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने मामले का खुलासा कर लिया और युवती को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली गई है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई और जांच कर रही है.
सिथुन मोदक