सड़क पर बेकाबू होकर पलट गया लोडिंग वाहन, लोग कोल्ड ड्रिंक की बोतलें लूटने लगे

झारखंड के चाईबासा में सड़क हादसे के बाद शर्मनाक तस्वीर सामने आई, जहां घायल की मदद करने के बजाय लोगों ने सड़क पर बिखरी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें लूट लीं. इस घटना का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल है. बोतलें लूटने वालों के इस रवैये पर यूजर्स नाराजगी जता रहे हैं.

Advertisement
पश्चिम सिंहभूम के सेरेंग्सिया घाटी में पलट गया था वाहन. (Photo: ITG) पश्चिम सिंहभूम के सेरेंग्सिया घाटी में पलट गया था वाहन. (Photo: ITG)

सत्यजीत कुमार

  • रांची,
  • 18 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 3:24 PM IST

झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा इलाके में एक लोडिंग वाहन पलट गया. घटना सेरेंग्सिया घाटी में हुई. वाहन में कोल्ड ड्रिंक की बोतलें लदी हुई थीं. वाहन पलटते ही सैकड़ों बोतलें सड़क पर बिखर गईं. इस हादसे के बाद जो हुआ, उसने हर किसी को हैरान कर दिया. आमतौर पर ऐसे हादसों में लोग घायल की मदद के लिए आगे आते हैं, वहीं यहां स्थिति बिल्कुल उलट दिखी.

Advertisement

जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार की सुबह करीब साढ़े 9 बजे हुई. यहां से एक लोडिंग वाहन गुजर रहा था, तभी वह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा. दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच तो गए, लेकिन मदद करने की बजाय कोल्ड ड्रिंक की बोतलें लूटनी शुरू कर दीं. जिसके हाथ जो लगा, वह उतनी बोतलें उठाकर जाता दिखा. कुछ लोग तो दर्जनों बोतलें ले जाते देखे गए. इस दौरान न तो किसी ने घायल चालक की परवाह की और न ही हादसे की गंभीरता को समझने की कोशिश की.

यह भी पढ़ें: बाइक सवार युवकों को बचाने के चक्कर में पलट गया सरसों के तेल से भरा टैंकर, फिर मच गई लूट

वाहन चालक इस हादसे में घायल हो गया था और किसी तरह वाहन से बाहर निकला. उसने लोगों को लूटपाट से रोकने की भी कोशिश की, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी. लोग घायल की मदद करने की बजाय बोतलें उठाने में लगे रहे.

Advertisement

स्थिति इतनी खराब हो गई कि घायल चालक को खुद ही वहां से इलाज के लिए निकलना पड़ा. उसने वाहन और उसमें बची सामग्री को वहीं छोड़ दिया और किसी तरह आगे बढ़ गया.

इस घटना को लेकर कुछ लोगों ने कहा कि क्या हम धीरे-धीरे अपनी संवेदनाएं खोते जा रहे हैं? जरूरत इस बात की है कि ऐसे समय में लोग मदद के लिए आगे आएं, न कि हालात का फायदा उठाकर लूटपाट जैसी घटनाओं को अंजाम दें. फिलहाल, इस घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद लोग सोशल मीडिया पर नाराजगी जता रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement