झारखंड के कोडरमा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में यात्रियों को पिस्टल दिखाकर धमकाने के आरोप में उत्तर प्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के रहने वाले 32 वर्षीय दिवाकर कुमार के रूप में हुई है. उसके पास से एक लोडेड पिस्टल और 18 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार को आनंद विहार-हटिया एक्सप्रेस के बी-1 कोच में हुई. यात्रियों से मिली सूचना के बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने कोडरमा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोककर आरोपी को नीचे उतारा.
अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने सुरक्षा कर्मियों का विरोध किया और उनके साथ हाथापाई भी की. इसके बाद जब उसके सामान की तलाशी ली गई तो उसमें से एक लोडेड पिस्टल और 18 जिंदा कारतूस बरामद हुए.
पूछताछ में दिवाकर कुमार ने पुलिस को बताया कि वह प्रयागराज से ट्रेन में सवार हुआ था और रांची जा रहा था. उसने खुद को एक निजी सुरक्षा गार्ड बताया है. हालांकि पुलिस उसके इस दावे की भी जांच कर रही है.
इस मामले में कोडरमा जीआरपी थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), रेलवे अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह हथियार लेकर यात्रा क्यों कर रहा था और यात्रियों को धमकाने के पीछे उसकी मंशा क्या थी.
aajtak.in