जम्मू में रामनगर शहर से उधमपुर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पहाड़ से नीचे जा गिरी. बताया जा रहा है कि चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस पलट गई और पहाड़ी से नीचे गिर गई. इस हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत की खबर सामने आई है.
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया, अभी कुछ ही देर पहले मैंने उधमपुर के डीसी श्री मिंगा शेरपा से बात की. मुझे गांव कनोटे में हुए एक दुखद सड़क हादसे की जानकारी मिली, जो करीब एक घंटे से भी कम समय पहले हुआ. यह हादसा रामनगर से उधमपुर जा रही एक पब्लिक ट्रांसपोर्ट बस से जुड़ा है.
रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू कर दिया गया है. भारी जनहानि की आशंका है. हर संभव मदद दी जा रही है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है और गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है.
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, मैं लगातार स्थानीय प्रशासन और हमारे स्थानीय कार्यकर्ताओं की टीम, जिसका नेतृत्व श्री राजिंदर शर्मा कर रहे हैं, उनके संपर्क में हूं.
इस बीच, जम्मू-कश्मीर के एलजी कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि उधमपुर में हुआ दुखद सड़क हादसा बेहद दर्दनाक है. जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.
ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करें. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. मैंने जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग को हर संभव मदद देने के निर्देश दे दिए हैं.
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस दर्दनाक सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है.
सुनील जी भट्ट