हरियाणा: बाजरे की खरीद में बड़ी गड़बड़ी! मंडी के रिकॉर्ड से 68405 क्विंटल स्टॉक गायब

हरियाणा के चरखी दादरी की नई अनाज मंडी में बाजरे के स्टॉक के भौतिक सत्यापन में 68,405 क्विंटल की शॉर्टेज सामने आई है. रिकॉर्ड के मुताबिक मंडी में 1,85,915 क्विंटल बाजरा बचा होना चाहिए था, लेकिन मौके पर सिर्फ 1,17,510 क्विंटल मिला.

Advertisement
मामले में 5 कर्मचारियों को किया गया निलंबित. (Photo: Screengrabs) मामले में 5 कर्मचारियों को किया गया निलंबित. (Photo: Screengrabs)

प्रदीप रेढू

  • चरखी दादरी,
  • 28 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:01 PM IST

हरियाणा के चरखी दादरी की नई अनाज मंडी में बाजरा खरीद के दौरान स्टॉक में भारी गड़बड़ी सामने आई है. यहां मंडी के रिकॉर्ड और मौके पर उपलब्ध बाजरे के भौतिक सत्यापन में 68405 क्विंटल की शॉर्टेज मिली है. कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के मंडी दौरे के दौरान किसानों और आढ़तियों की ओर से गेट पास कटने सहित खरीद प्रक्रिया में शिकायतें मिली थीं. जिसके बाद उपायुक्त मनदीप कौर ने तीन सदस्यीय संयुक्त जांच कमेटी गठित कर बाजरे के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करवाया था.

Advertisement

जांच में सामने आई गंभीर अनियमितताओं के बाद हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक आईएएस धर्मेंद्र सिंह ने मार्केट कमेटी के सचिव सहित पांच अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है. जांच में मंडी रिकॉर्ड के अनुसार बाजरे की कुल आवक 4,18,290 क्विंटल दर्ज मिली. जिसमें से 2,32,375 क्विंटल बाजरा गोदामों में भेजा जाना दर्ज है. रिकॉर्ड के अनुसार मंडी में 1,85,915 क्विंटल बाजरा शेष होना चाहिए था. लेकिन टीम के भौतिक सत्यापन में मौके पर केवल 1,17,510 क्विंटल बाजरा ही मिला.

रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक के बीच 68,405 क्विंटल का अंतर
इस तरह रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक के बीच 68,405 क्विंटल का अंतर सामने आया. जिसके बाद हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा मार्केट कमेटी के पूर्व सचिव-सह-कार्यकारी अधिकारी विद्या सागर, लेखाकार तेजवीर सिंह, मंडी सुपरवाइजर राकेश कुमार, मंडी सुपरवाइजर चतुर्भुज और ऑक्शन रिकॉर्डर सतीश कुमार को निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि में सभी का मुख्यालय बोर्ड मुख्यालय पंचकूला स्थित सीएमईओ कार्यालय निर्धारित किया गया है.

Advertisement

मार्केट कमेटी के सचिव विजय कुमार ने बताया कि कृषि मंत्री के दौरे के दौरान मिली शिकायतों के बाद उपायुक्त के आदेश पर संयुक्त टीम ने मंडी में बाजरे का भौतिक सत्यापन किया था. इसमें करीब 68 हजार क्विंटल की शॉर्टेज सामने आई. ड्यूटी में लापरवाही के आधार पर पांच कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है. अब जांच रिपोर्ट के आधार पर फर्मवार और खरीद एजेंसीवार बाजरे के स्टॉक का विस्तृत मिलान किया जा रहा है. जिस फर्म या एजेंसी के स्तर पर जितनी शॉर्टेज सामने आएगी, उसके आधार पर आगामी कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »