कंबल ओढ़कर ज्वैलरी शॉप में चोरी करता है महिलाओं का ये गैंग, VIDEO उड़ा देगा होश

सूरत के सरथाणा इलाके में छह महिलाओं की गैंग ने कंबल की आड़ लेकर ज्वैलरी शॉप में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. महिलाओं ने सड़क पर सोने का नाटक किया और दुकान का शटर मोड़कर अंदर घुस गईं. गैंग करीब 35 हजार रुपये नकद और 74 हजार रुपये की इमिटेशन ज्वेलरी चोरी कर फरार हो गई.

Advertisement
कंबल ओढ़कर चोरी करने वाला गैंग. (Photo: Screengrabs) कंबल ओढ़कर चोरी करने वाला गैंग. (Photo: Screengrabs)

संजय सिंह राठौर

  • सूरत,
  • 03 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 12:26 PM IST

गुजरात के सूरत में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान है. यहां छह महिलाओं की एक गैंग ने कंबल को ही चोरी का हथियार बना लिया. महिलाओं ने पहले कंबल की आड़ में दुकान के बाहर घेरा बनाया और फिर शटर मोड़कर अंदर घुस गईं. इस दौरान गैंग की कुछ महिलाएं बाहर कंबल ओढ़कर सड़क पर सोने का नाटक करती रहीं, जबकि एक महिला दुकान के अंदर चोरी करती रही. इस शातिर तरीके से गैंग ने करीब 1.09 लाख रुपये का सामान पार कर दिया. पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक चोरी की यह घटना 31 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 4:45 बजे सूरत के सरथाणा इलाके में हुई. सरथाणा जकातनाका से वीटी नगर सर्कल की ओर जाने वाले रास्ते पर रोजी इमिटेशन ज्वेलर्स नाम की दुकान को महिलाओं ने निशाना बनाया. दुकान के मालिक निलेश खीमजी चोवटिया हैं.

बताया जा रहा है कि सुबह तड़के छह महिलाएं दुकान के बाहर पहुंचीं. उन्होंने सबसे पहले कंबल की मदद से दुकान के आसपास ऐसी आड़ बनाई कि सड़क से गुजरने वाले लोगों को उनकी गतिविधियां दिखाई न दें. इसके बाद महिलाओं ने दुकान के शटर को बीच से मोड़ दिया और अंदर जाने के लिए रास्ता बना लिया. गैंग की एक महिला दुकान के अंदर दाखिल हो गई, जबकि बाकी महिलाएं बाहर कंबल ओढ़कर सोने का नाटक करती रहीं.

35 हजार नकद और 74 हजार की ज्वेलरी चोरी
दुकान के अंदर घुसी महिला ने काउंटर में रखी नकदी और इमिटेशन ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गैंग ने करीब 35 हजार रुपये नकद और 74 हजार रुपये कीमत की इमिटेशन ज्वेलरी चोरी की. इस तरह महिलाएं कुल 1 लाख 9 हजार रुपये का सामान लेकर फरार हो गईं.

Advertisement

अगली सुबह दुकान की महिला कर्मचारी काम शुरू करने पहुंची तो शटर बीच से मुड़ा हुआ देखकर हैरान रह गई. दुकान के अंदर सामान भी बिखरा पड़ा था. उसने तुरंत मालिक को सूचना दी. इसके बाद दुकान मालिक ने सरथाणा पुलिस को चोरी की जानकारी दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और दुकान में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली. फुटेज में छह महिलाएं कंबल की आड़ लेकर चोरी की वारदात को अंजाम देती दिखाई दे रही हैं.

नवसारी में भी इसी गैंग पर चोरी का शक
सरथाणा पुलिस थाने के पुलिस इंस्पेक्टर डीके पाटले ने आजतक से फोन पर बातचीत में चोरी की घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि इसी तरह महिलाओं की एक गैंग ने नवसारी में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. इस संबंध में वह नवसारी पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच के संपर्क में हैं.

पुलिस ने सरथाणा की घटना में मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल CCTV फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है. कंबल की आड़ लेकर चोरी करने के इस अनोखे तरीके ने इलाके के व्यापारियों को भी सतर्क कर दिया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »