सूरत के लिंबायत इलाके में एक निर्माणाधीन मकान में हुई दुर्घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया. यहां पहली मंजिल की बालकनी से एक महिला और उसकी बेटी नीचे गिर गईं. यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. गनीमत रही कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद मां और बेटी दोनों की जान बच गई और उन्हें गंभीर चोट नहीं आई.
दरअसल, यह हादसा 19 फरवरी 2026 की रात करीब 9 बजे हुआ. बताया गया कि लिंबायत क्षेत्र में ‘धन दाई माता प्रसन्न’ नाम से एक नए मकान का निर्माण कार्य चल रहा था. महिला अपनी छोटी बेटी के साथ नया घर देखने के लिए पहली मंजिल की बालकनी में खड़ी थी. चूंकि मकान अभी निर्माणाधीन था, इसलिए बालकनी में सुरक्षा के लिए रेलिंग या ग्रिल नहीं लगाई गई थी, जिससे यह हादसा हो गया.
यह भी पढ़ें: सूरत में कुरियर बॉय को दौड़ा कर पीटा, फिर चाकू दिखाकर कार में किया अगवा- VIDEO
सीसीटीवी में कैद हुआ दर्दनाक मंजर
वायरल सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति सोसायटी में खड़ा है, तभी अचानक ऊपर से बच्ची नीचे गिरती हुई दिखाई देती है. इसके तुरंत बाद उसकी मां भी नीचे गिर जाती है. दोनों के गिरते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़ पड़े.
देखें वीडियो...
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बच्ची गिरने के तुरंत बाद खुद उठकर खड़ी हो गई और अपनी मां के पास पहुंचकर उन्हें उठाने की कोशिश करने लगी. वहीं महिला गिरने के बाद बेहोश हो गई थी और खुद उठ नहीं पा रही थी. बच्ची की यह कोशिश देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत सहायता के लिए आगे आए.
अस्पताल में जांच के बाद मिली राहत
घटना के तुरंत बाद मां और बेटी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों द्वारा जांच करने के बाद यह सामने आया कि दोनों को केवल सामान्य चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर है. इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद दोनों की जान बचना सभी के लिए राहत की बात रही.
स्थानीय लोगों ने इस घटना को चमत्कार बताया है. निर्माणाधीन मकान में सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण यह हादसा हुआ. इस घटना ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा उपायों की अनदेखी के खतरों को भी उजागर किया है. फिलहाल मां और बेटी सुरक्षित हैं और परिजन व स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है.
संजय सिंह राठौर