सूरत शहर के अडाजण इलाके से एक झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मामूली घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया. आनंद महल रोड स्थित सन रेजिडेंसी में 27 फरवरी को 65 वर्षीय रिटायर्ड सिविल इंजीनियर दिनेश पटेल ने अपनी 54 वर्षीय पत्नी तृप्ति पटेल की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
बताया जा रहा है कि दंपति के बीच पिछले काफी समय से छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़े हो रहे थे. 27 फरवरी को विवाद इतना बढ़ गया कि दिनेश पटेल ने घर में रखे लोहे के हथौड़े से पत्नी के सिर और माथे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से तृप्ति पटेल की मौके पर ही मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: म्यूल अकाउंट, ATM किट और दुबई कनेक्शन... सूरत में साइबर माफिया का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार
हत्या के बाद बेटे को किया फोन
हत्या के बाद आरोपी ने अपने बेटे कृणाल पटेल को फोन कर कहा, 'मैंने अपना काम कर दिया है'. जब बेटे ने घबराकर इसका मतलब पूछा तो उसने फोन काट दिया. अनहोनी की आशंका होने पर कृणाल तुरंत घर पहुंचा, लेकिन तब तक दिनेश पटेल घर को ताला लगाकर फरार हो चुका था. अंदर उसकी मां का लहूलुहान शव पड़ा था.
बेटे की शिकायत पर अडाजण थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. फरार आरोपी को पुलिस ने जाल बिछाकर धर दबोचा. पुलिस की गिरफ्त में आया दिनेश पटेल वही पति है जिसने घरेलू कलह के चलते यह वारदात अंजाम दी.
घरेलू विवाद बना हत्या की वजह
सूरत पुलिस के डीसीपी लखदीर सिंह झाला ने बताया कि यह घटना सामान्य घरेलू झगड़ों के कारण हुई. आरोपी पिछले डेढ़-दो साल से बिना काम के था और रिटायर जीवन जी रहा था. उसके मन में मान-सम्मान को लेकर नाराजगी और छोटी-छोटी बातों पर विवाद चल रहा था. खाना बनाने और आपसी सम्मान जैसे मुद्दों पर झगड़े बढ़ते गए.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों पर होने वाले विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोपी ने हथौड़े से पत्नी के सिर पर वार कर उसकी हत्या की. दिनेश पटेल पहले विद्यानगर में नौकरी करता था और पिछले डेढ़-दो साल से अडाजण के आनंद महल रोड पर किराए के मकान में रह रहा था. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
संजय सिंह राठौर