गुजरात: सूरत एक घर में चल रही थी साड़ियों की पैकिंग, अचानक आग लगने से एक ही परिवार के 5 जले

सूरत के लिंबायत इलाके में मीठी खाड़ी के पास एक घर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में चार महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं. घर में साड़ियों और फोम शीट के कारण जहरीला धुआं फैल गया, जिससे दम घुटने से मौत हुई. दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी.

Advertisement
इलेक्ट्रिक स्विच बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से हादसा हुआ. (Photo: Screengrab) इलेक्ट्रिक स्विच बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से हादसा हुआ. (Photo: Screengrab)

संजय सिंह राठौर

  • सूरत,
  • 31 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 9:26 PM IST

सूरत के लिंबायत इलाके में स्थित ‘मीठी खाड़ी’ के पास एक रिहायशी मकान में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई. मरने वालों में चार महिलाएं और एक मासूम बच्चा शामिल हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया, जबकि स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए.

Advertisement

यह हादसा बैठी कॉलोनी में स्थित एक मकान में हुआ, जहां साड़ियों की पैकिंग का काम चल रहा था. घर के अंदर बड़ी मात्रा में साड़ियां और उन्हें पैक करने के लिए इस्तेमाल होने वाली फोम शीट का स्टॉक रखा हुआ था. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग की शुरुआत घर में लगे एक इलेक्ट्रिक स्विच बोर्ड में हुए शॉर्ट सर्किट से हुई. बताया जा रहा है कि स्विच बोर्ड से निकली चिंगारियां पास में रखी फोम शीट पर गिर गईं, जिससे आग धीरे-धीरे सुलगने लगी.

फोम शीट के सुलगने के कारण लगी आग
शुरुआत में आग बहुत ज्यादा भयानक नहीं दिख रही थी, लेकिन फोम शीट के सुलगने के कारण पूरे घर में तेजी से गहरा और जहरीला धुआं भरने लगा. फोम के जलने से निकलने वाला केमिकल युक्त धुआं बेहद खतरनाक होता है, जिससे घर में मौजूद लोगों का दम घुटने लगा. आग की लपटों से ज्यादा इस जहरीले धुएं ने जानलेवा रूप ले लिया.

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया. घर के अंदर फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक वे बेहोश हो चुके थे. अस्पताल में डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया.

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शहनाज बेगम अब्दुल कलाम अंसारी (65 वर्ष), हुसा बेगम अब्दुल कलाम अंसारी (18 वर्ष), शुभान रमजान अली अंसारी (4 वर्ष), शबीना रमजान अली अंसारी (28 वर्ष) और परवीन अब्दुल कलाम अंसारी (19 वर्ष) के रूप में हुई है. सभी एक ही परिवार के सदस्य थे, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए थे. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement